बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी इन दिनों मथुरा में जोरों से चुनाव प्रचार कर रही हैं। खास बात यह है कि प्रचार करने के लिए उनके साथ उनके पति धर्मेंद्र भी उतरे हैं। दोनों मिलकर मथुरा की गलियों में लोगों को लुभाने में लगे हैं। ये जोड़ी पहले पर्दे पर रियल जिंदगी में हिट रह चुकी है। ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि मथुरा के लोगों पर इस जोड़ी का जादू चल पाएगा या नहीं।
धर्मेंद्र और हेमा की शादी को 39 साल बीत चुके हैं और दोनों की जोड़ी आज भी जबरदस्त लगती है। आज भी बसंती और वीरू की जोड़ी को देखने के लिए उनके चाहने वालो का सैलाब उमड़ जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं दोनों के लिए शादी कर हमेशा के लिए एक दूसरे का होना आसान नहीं था। 70 के दशक में हेमा को तीन-तीन सुपरस्टार्स ने शादी के लिए प्रपोज किया था। उनकी शादी जीतेंद्र के साथ होनी थी, लेकिन आखिर में उन्होंने धर्मेद्र को जीवनसाथी के रूप में चुना। आइए जानते हैं कैसे कंप्लीट हुई धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की लव स्टोरी...
70 के दशक में संजीव कुमार और हेमा मालिनी के अफेयर की खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। संजीव हेमा से मन ही मन प्यार करते थे लेकिन हेमा का नाम लगातार धर्मेंद्र से जोड़ा जा रहा था। वहीं हेमा के घरवाले दोनों के रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे इसलिए संजीव कुमार ने अपने माता-पिता को हेमा मालिनी के घर शादी का प्रस्ताव लेकर भेज दिया लेकिन हेमा की मां ने ये कहकर रिश्ता करने से मना कर दिया कि उनकी बेटी की अभी शादी की उम्र नहीं है। जिसके बाद संजीव कुमार ने जितेंद्र को हेमा के घर शादी का प्रस्ताव लेकर भेजा।
हेमा को समझाने पहुंचे जितेंद्र का दिल उन पर आ गया। संंजीव को मना करने के बाद जितेंद्र को लगा कि हेमा मालिनी शायद उन्हें हां कह देंगी। उन्होंने भी हेमा को प्रपोज कर दिया। उनके प्रस्ताव के बाद अब हेमा असमंजस में पड़ गईं। इस बीच हेमा मालिनी की नजदीकियां धर्मेंद्र के साथ बढ़ने लगीं।
धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा थे। ऐसे में हेमा मालिनी को समझ नहीं आ रहा था कि वो क्या फैसला लें। फिल्म 'दुल्हन' की शूटिंग के दौरान जितेंद्र और हेमा ने साथ में काफी अच्छा समय बिताया। शूटिंग खत्म होने के बाद जितेंद्र अपने माता-पिता को लेकर हेमा के घर पहुंच गए। दोनों के घरवाले बात ही कर रहे थे कि तभी धर्मेंद्र का फोन आया। उन्होंने हेमा पर गुस्सा निकालते हुए कहा कि वो फैसला लेने से पहले उनसे मिलें।
हेमा को परेशान देख जितेंद्र ने सोचा कि कहीं वो अपना फैसला ना बदल दें इसलिए उन्होंने उसी दिन मंदिर में शादी का फैसला किया। हेमा इस बारे में सोच ही रही थीं कि जितेंद्र की गर्लफ्रेंड शोभा का फोन आया। बस फिर क्या था इस फोन के बाद जितेंद्र से उनका रिश्ता खत्म हो गया।