सही जीवनसाथी का मिलना बहुत कुछ भाग्य पर निर्भर करता है। लेकिन रिश्ते को ठीक से निभाना और उसमें प्यार, आकर्षण और मधुरता बनाए रखना तो खुद पति-पत्नी के हाथ में होता है। लेकिन कई बार देखा गया है कि शादी के कुछ ही सालों बाद रिश्ते में खटास आना शुरू हो जाती है। कई बार तो तलाक की नौबत आ जाती है और अगर तलाक न भी हो तो दोनों में अनबन और मनमुटाव का दौर चलता रहता है और जिंदगी जीना दुभर हो जाता है। आइए जानें वो कारण जिनकी वजह से रिश्ते में तनाव और तलाक की नौबत आ जाती है।
शादी के बाद इन्हीं गलतियों की वजह से पति-पत्नी के रिश्ते में आ जाती है खटास
कई बार देखा गया है लोग अपने पार्टनर के बारे में अपनी सहेलियों, दोस्तों या रिश्तेदारों को बताने लगते हैं । जब आप उनकी बुराईयां लोगों को बताएंगे तो उनके बारें में बुरा ही सुनने को मिलेगा। जिससे बहुत बार आपके सोचने का तरीका नकारात्मक हो जाता है और इन सबकी वजह से लड़ाई-झगड़े शुरू हो जाते हैं।
आपस में झगड़ा होना कोई नयी बात नहीं हैं। लेकिन हर बार झगड़े के समय पिछली गलतियों को गिनाना शुरू कर देंगे तो फिर झगड़े कभी खत्म ही नही होंगे। तो भलाई इसी में हैं कि पुरानी बातों को पीछे छोड़ कर आगे बढ़ा जाए।
अगर कोई एक झगड़े के मूड में है तो दूसरे को चुप हो जाना चाहिए। इसी में भलाई है लेकिन इस चुप्पी को बहुत लंबा न खीचें। अगर आपस में एक दूसरे से बात करना ही छोड़ देंगे तो फिर रिश्ते में दरार पड़ना स्वाभाविक है।
किसी को भी अपने माता-पिता की बुराई सुनना पसंद नहीं होता है। अगर रिश्ते में खटास नहीं पैदा करनी है तो जरूरी है कि एक दूसरे के अभिभावकों के प्रति सम्मान की भावना रखें।