टीवी पर इन दिनों ऐसे प्रोडक्ट्स के विज्ञापनों की भरमार है जिन्हें कपड़ो पर लगाकर बाहर निकलने की सलाह दी जाती है ताकि मच्छर दूर रहें। इसके अलावा बाजार में ऐसे कई स्टीकर्स भी मिल रहे है जिन्हें कपड़ों पर चिपकाकर पार्क, आदि जाया जाए, तो मच्छर नहीं काटते। घर के अंदर मच्छर ना काटे इसके लिए लोग क्वॉइल या स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं।
जहरीले स्प्रे या क्वॉइल की क्या जरूरत, जब घर में मौजूद इन चीजों से ही भाग जाते हैं मच्छर
लहसुन
लहसुन से सिर्फ चूहे ही नहीं, मच्छर भी भागते हैं। लहसुन की महक से मच्छर आस-पास नहीं भटकते। इसके लिए इसे पीसें और पानी में उबाल कर कमरे में छिड़क दें। इससे कमरे में एक भी मच्छर नहीं दिखेगा।
तुलसी
वैसे तो मच्छर सबसे ज्यादा पौधों के आस-पास ही पाए जाते हैं लेकिन तुलसी के पौधे से वे दूर रहते हैं। तुलसी के पौधे को कमरे की खिड़की या दरवाजे के पास रखने से मच्छर भाग जाते हैं। तुलसी मच्छरों को घर में प्रवेश करने से रोकती है। तुलसी के अलावा आप नींबू और गेंदे का पौधा भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
नींबू और नीम
बराबर मात्रा में नींबू के तेल और नीलगिरी के तेल लेकर मिश्रण तैयार कर लें, अब इसे शरीर पर लगाएं। इसकी महक से मच्छर आपके आस-पास नहीं भटकेंगे। जिस तरह सेहत के लिए नीम के अपार फायदे हैं उसी तरह इससे मच्छरों को भी भगाया जा सकता है। इसके लिए नीम और नारियल के तेल को बराबर मात्रा में लेकर मिश्रण तैयार कर लें और इसे शरीर पर रगड़ें। इसका असर आठ घंटे तक रहता है।
कपूर
कमरे में कॉइल की जगह कपूर जलाएं और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। जब कमरे में वापस जाएंगे तो मच्छरों का नामो-निशान नहीं मिलेगा। इसके अलावा अगर आप कमरे की बदबू भगाने के लिए किसी रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हैं तो कोशिश करें कि वह लैवेंडर फ्लेवर का हो। लैवेंडर की खुशबू बहुत तेज होती है और मच्छर उसे सूंघ कर काट नहीं पाते। कमरे में लैवेंडर वाला रूम फ्रेशनर छिड़कने से आपको असर दिखेगा।
पढ़ें: रातों रात होगी मुंह के छालों की छुट्टी, बस देसी घी का ये नुस्खा इस तरह अपनाएं