प्रज्ञा तिवारी
Home Decor: बोहेमियन स्टाइल में करें घर की सजावट, यहां से लें आसान डेकोरेशन आइडिया
बोहेमियन आर्ट बेहद ही खूबसूरत होती है। इसमें कला के परंपरागत नियमों का बंधन न होकर पूरी तरह वास्तविक समाज की छाप होती है, फिर चाहे वह प्रकृति प्रेम हो या जनजातीय जीवन। आप भी अपने घर को बोहेमियन होम डेकोर स्टाइल से सजाकर खूबसूरत और आकर्षक लुक दे सकती हैं।
जंगल का अहसास
इस आर्ट डेकोरेशन में पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आप चाहें तो घर को सजाने के लिए प्लांट हैंगिंग का उपयोग करें, क्योंकि ये कम जगह घेरते हैं। आप आर्टिफिशियल प्लांट का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
रंगों के साथ प्रयोग
बोहो आर्ट में रंगों के मैचिंग कॉन्सेप्ट से हटकर ढेर सारे वाइब्रेंट रंगों का प्रयोग होता है, जैसे कि पर्पल सोफे पर गुलाबी कुशन या न्यूड कलर बेड के साथ डार्क मल्टी कलर का बैक ग्राउंड। लेकिन एक पैटर्न को फॉलो करना जरूरी है, वरना यह अजीब और भद्दा लगेगा।
विंटेज रग
सर्दियां आने वाली हैं, ऐसे में आप लिविंग रूम या कमरे में एक विंटेज लुक का रग यानी गलीचा जरूर बिछाएं। टर्किश रग कमरे को बहुत रॉयल लुक देते हैं। अगर कमरा छोटा है तो आप छोटे-छोटे रग भी बिछा सकती हैं।
टेपेस्ट्री हैंगिंग
दीवार को सजाने के लिए रंग-बिरंगे टेपेस्ट्री वॉल हैंगिंग का इस्तेमाल करें। यह दिखने में बहुत सुंदर और क्लासी लगते हैं। प्रिंट के मामले में ट्राइबल प्रिंट पहले नंबर पर आता है, क्योंकि यह जनजातीय कला है।
लाइट से सजावट
बोहो आर्ट डेकोरेशन में आप लाइट्स का उपयोग भी कर सकती हैं। साधारण टेबल लैंप के बजाय रंग-बिरंगे शेड्स वाले लैंप का इस्तेमाल करें। इसके अलावा आप कमरे की छत और दीवारों पर भी हैंगिंग लाइट्स लगा सकती हैं।
वॉल पेंटिंग
आजकल रंग-बिरंगी दीवारों का चलन कम है और इसकी जगह पोर्टबल आर्ट दीवारें लगाई जा रही हैं। बाजार में आजकल बोहो होम डेकोर वॉल आर्ट और टक्सन पोर्टेबल आर्ट मिल रही हैं। इंटीरियर डेकोरेशन में बोहेमियन विंड चाइम और झूमर क्रिस्टल प्रिज्म भी सुंदर दिखते हैं। इनको सकारात्मक ऊर्जा के लिए घरों में टांगा जाता है।
गैर-परंपरागत आर्ट है बोहो
इंटीरियर डिजाइनर वारिजा बजाज कहती हैं, आप जब भी अपने घर को सजाएं, इस बात का ध्यान रखें कि उसमें आपका व्यक्तित्व जरूर झलकना चाहिए। बोहो आर्ट प्रकृति प्रधान है, जिसमें लकड़ी, जूट, पौधे, हरियाली, जीव-जंतु के साथ-साथ हरे और मटमैले रंग की प्रधानता रहती है। वैसे तो बोहो आर्ट हमेशा से लोकप्रिय रही है, लेकिन कोरोना महामारी के बाद इसका क्रेज बढ़ गया है। अब लोग अपने घरों को होटल जैसा बनावटी दिखाने के बजाय प्रकृति के करीब रखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं, ताकि मेट्रो सिटी की प्रदूषण और भागदौड़ भरी जीवन-शैली में रहकर भी वे अपने घर में ताजगी महसूस कर सकें। आप कलात्मक मौलिकता पर फोकस करके अपने घर को सजा सकती हैं।