कैंसर का खतरा पिछले दो-तीन दशकों में काफी तेजी से बढ़ता हुआ देखा गया है। नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट की एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2030 तक प्रतिवर्ष कैंसर के नए मामलों की संख्या बढ़कर 23.6 मिलियन (23.6 लाख) से अधिक हो सकती है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को कैंसर से बचाव के उपाय करते रहने की सलाह देते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि जीवनशैली और आहार की गड़बड़ आदतों के चलते लोगों में कैंसर का खतरा पहले से कहीं अधिक हो गया है। हम रोजाना जाने-अनजाने कई ऐसी चीजें करते रहते हैं जो हमारे लिए इस घातक रोग के जोखिम को बढ़ा सकती है।
आज का हेल्थ टिप्स: सावधान, ऐसी आदतें बन सकती हैं कैंसर का कारण, अभी से हो जाएं अलर्ट वरना बढ़ जाएगी मुसीबत
ज्यादा तनाव लेना है खतरनाक
नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के अनुसार वैसे तो तनाव, सीधे तौर पर कैंसर का कारण नहीं बनती है, हालांकि इसके कारण शरीर की प्रतिक्रिया- जैसे कि रक्तचाप और हृदय गति में वृद्धि और ब्लड शुगर का बढ़ना, कैंसर के जोखिमों को बढ़ा सकता है। हाल के वर्षों में, तनाव और कैंसर के बीच संबंधों को लेकर अध्ययन किया गया, जिसमें वैज्ञानिकों ने पाया कि तनाव ग्रस्त लोग धूम्रपान या शराब पीने जैसी कई ऐसी आदतों के शिकार हो जाते हैं, जिससे कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।
ज्यादा देर बैठे रहने की आदत
साल 2014 में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के जर्नल में प्रकाशित समीक्षा में जर्मन वैज्ञानिकों ने पाया कि ज्यादा देर बैठे रहने की आदत भी कैंसर का खतरा बढ़ा सकती है। वैज्ञानिकों ने पाया कि ज्यादा देर बैठे रहने वाले लोगों में पेट के कैंसर, एंडोमेट्रियल कैंसर और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। यही कारण है कि लोगों को थोड़ी-थोड़ी देर पर उठकर वॉक करने की सलाह दी जाती है।
पर्याप्त मात्रा में पानी न पीना
दिन भर में खूब पानी पीने से आपके शरीर में सब कुछ ठीक से काम करता रहता है। पानी पीना सिर्फ शरीर के हाइड्रेशन के लिए ही नहीं कैंसर के खतरे को कम करने के लिए भी आवश्यक है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, ज्यादा पानी पीने से पेशाब के माध्यम से हानिकारक पदार्थों बाहर निकल जाते हैं, जिससे मूत्राशय के कैंसर का खतरा कम हो सकता है। इसलिए सभी लोगों को रोजाना 3-4 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए।
शराब और धूम्रपान
कैंसर के खतरों में शराब और धूम्रपान को स्वास्थ्य विशेषज्ञ सबसे गंभीर मानते हैं। शराब और धूम्रपान की लत के शिकार लोगों में कई तरह के कैंसर के विकास का जोखिम अधिक होता है। अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अनुसार, अधिक शराब पीने से गले, लिवर, कोलन और स्तन कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। शराब की एक छोटी सी मात्रा भी आपके दिमाग के लिए नुकसानदायक मानी जाती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। अमर उजाला इस दावे की पुष्टि नहीं करता है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।