हाई कोलेस्ट्रॉल एक गंभीर समस्या है, जिसे हृदय रोगों का प्रमुख कारण माना जाता है। जीवनशैली और आहार में गड़बड़ी को डॉक्टर्स इसके संभावित जोखिम के रूप में देखते हैं। वैसे तो कोलेस्ट्रॉल, हमारे रक्त में पाया जाने वाला एक अवयव है जो स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है। हालांकि इसकी बढ़ी हुई मात्रा को सेहत के लिए कई तरह से नुकसानदायक माना जाता है। कोलेस्ट्रॉल, मुख्यरूप से दो प्रकार का होता है- गुड कोलेस्ट्रॉल और बैड कोलेस्ट्रॉल। बैड कोलेस्ट्रॉल, रक्त को गाढ़ा कर देता है जिसे अगर अनुपचारित छोड़ दिया जाए तो कई प्रकार के हृदय रोगों की समस्या बढ़ सकती है।
डॉक्टर्स की सलाह: कोलेस्ट्रॉल की समस्या में लाभकारी हो सकती हैं ये चार चीजें, जरूर करें इनका सेवन
तरबूज है आपके लिए फायदेमंद
गर्मियों में तरबूज बहुतायत में उपलब्ध होते हैं। ये न सिर्फ स्वाद के लिहाज से बेहतर माने जाते हैं साथ ही इसका सेवन कोलेस्ट्रॉल की समस्या से राहत दिलाने में भी आपकी मदद कर सकता है। तरबूज में लाइकोपीन नामक रसायनिक यौगिक पाया जाता है, जो एक कैरोटेनॉयड है और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में काफी कारगर माना जाता है। पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक तरबूज एचडीएल (बैड कोलेस्ट्रॉल) के स्तर को कम कर देता है।
नाश्ते में शामिल करें ओट्स
ओट्स सबसे सेहतमंद नाश्ता माना जाता है। यह कॉम्प्लेक्स कार्ब्स का अच्छा स्रोत है। यह तृप्ति को प्रेरित करने, भूख और कैलोरी की मात्रा को कम करने में काफी फायदेमंद है। नाश्ते में ओट्स को शामिल करना बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में भी आपकी मदद कर सकता है। इतना ही नहीं यह इंसुलिन प्रतिरोध में सुधार करके शरीर के वजन को भी स्वस्थ बनाए रखने में लाभकारी माना जाता है।
साबुत अनाज के लाभ
बढ़ते कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने के लिए साबुत अनाज को आहार में शामिल करना बेहतर विकल्प माना जाता है। ये उच्च फाइबर वाले आहार, पेट को ठीक रखने के साथ कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी आपके लिए फायदेमंद हैं। जौ-बाजरा, रागी, गेंहू जैसे अनाज औऱ सैल्मन, ऑलिव ऑयल और एवोकाडो जैसी चीजें आपकी सेहत को गजब का बूस्ट देकर बीमारियों के जोखिम को कम कर सकती हैं।
प्रोसेस्ड फूड आइटम से करें परहेज
जिन लोगों को कोलेस्ट्रॉल की समस्या है, या जिन्हें नहीं भी है, सभी लोगों को प्रोसेस्ड फूड्स से परहेज करने की सलाह दी जाती है। ये चीजें रक्त में शर्करा और कोलेस्ट्रॉल दोनों की मात्रा को बढ़ा देती हैं। कैंडीज, कुकीज, इंस्टेंट नूडल्स जैसे खाद्य पदार्थ आपके स्वास्थ्य को बिगाड़ सकते हैं। ये न सिर्फ कोलेस्ट्रॉल के स्तर बढ़ा देते हैं, साथ ही इससे डायबिटीज रोगियों की भी जटिलताएं बढ़ सकती हैं।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।