Medically Reviewed by Dr. Rajan Gandhi
जनरल फिजिशियन, चाइल्डकेयर हॉस्पिटल, उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- एम.बी.बी.एस, डिप्लोमा सी.एच
अनुभव- 25 वर्ष
पिछले साल दिसंबर में हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज जब कोरोना वैक्सीन लगने के बाद भी संक्रमित हो गए थे, तब वैक्सीन को लेकर खूब सवाल उठे थे कि आखिर कोरोना के टीके कारगर हैं या नहीं? इसके अलावा दिसंबर में ही कोवाक्सिन के ट्रायल में शामिल एक वॉलंटियर की मौत भी हो गई थी, जिसके बाद कई लोगों ने वैक्सीन पर सवाल उठाए थे। इन घटनाक्रमों के बीच एक और चीज की चर्चा खूब हुई थी और वो है प्लेसिबो। तब भारत बायोटेक नामक कंपनी ने कहा था कि तीसरे चरण के ट्रायल में 50 फीसदी लोगों को वैक्सीन दी जाती है जबकि अन्य 50 फीसदी को प्लेसिबो दिया जाता है। अब चूंकि वैक्सीन और उसकी प्रभावकारिता के बारे में तो लोग जान गए हैं, लेकिन प्लेसिबो के बारे में अभी भी बहुत सारे लोग नहीं जानते हैं। हालांकि यह कोई नया शब्द नहीं है, बल्कि काफी समय से प्रचलन में है। आइए जानते हैं कि आखिर ये प्लेसिबो होता क्या है?
काम की बात: क्या होता है प्लेसिबो? जानिए कोरोना मरीजों और वैक्सीन से किस तरह जुड़ा है ये
हाल ही में हुए एक अध्ययन में यह पाया गया है कि कोरोना मरीजों पर एजिथ्रोमाइसिन दवा सिर्फ एक प्लेसिबो की तरह काम करती है, यानी दवा खाने के बाद मरीजों को लगता है कि उन्हें आराम मिल गया है, जबकि असल में ऐसा नहीं होता है।
विशेषज्ञ कहते हैं कि प्लेसिबो एक ऐसी चीज है जो वैक्सीन या दवाई की तरह शरीर पर किसी तरह का कोई प्रभाव नहीं डालती, बल्कि डॉक्टर किसी व्यक्ति पर दवा लेने का कितना और कैसा मानसिक असर पड़ता है, ये जानने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं।
विशेषज्ञ कहते हैं कि प्लेसिबो को अगर आम भाषा में समझें तो यह एक ऐसी चिकित्सा पद्धति है, जिसमें दवा का इस्तेमाल नहीं किया जाता है, बल्कि भ्रम पैदा करके या अहसास के आधार पर मरीज का इलाज किया जाता है। यानी किसी मरीज को दवा की तरह दिखने वाली गोली या 'नकली' इंजेक्शन दिया जाता है, लेकिन असल में वह दवा नहीं होती है।
प्लेसिबो चिकित्सा पद्धति को 'भ्रामक उपचार' भी कहा जाता है। दरअसल, किसी मरीज को अगर लगता है कि वो दवाई खाकर या इंजेक्शन लेकर ठीक हो जाएगा, तो यह संभव है कि उसे दवाई की तरह दिखने वाली गोली दे दी जाए और उसे खाकर वह ठीक हो जाए। हालांकि प्लेसिबो चिकित्सा पद्धति का कोई वैज्ञानिक आधार तो नहीं होता, लेकिन कई बार मरीज इससे ठीक हो भी जाते हैं।
स्रोत और संदर्भ:
Effect of Oral Azithromycin vs Placebo on COVID-19 Symptoms in Outpatients With SARS-CoV-2 Infection
https://jamanetwork.com/journals/jama/fullarticle/2782166
अस्वीकरण नोट: यह लेख जामा नेटवर्क नामक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन और डॉ. राजन गांधी से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण हों अथवा आप किसी रोग से ग्रसित हों तो अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।