दिन की शुरुआत में सबसे पहला काम हमारा ब्रश करना होता है। हर कोई चाहता है कि उसके दांत साफ और स्वस्थ रहें। हर दिन ब्रश करने के बावजूद बहुत सारे लोगों के दांत स्वस्थ नहीं होते। कितने सारे लोग हैं जो ब्रश ठीक से करना तक नहीं जानते हैं। कुछ लोग ब्रश करने से पहले टूथब्रश को गीला करते हैं, तो कुछ टूथपेस्ट लगाने के बाद ब्रश को गीला करते हैं। सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ी हुई है कि आखिर ब्रश को गीला कब करते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं...
डेंटिस्ट ल्यूक थोर्ले ने मेट्रो यूके को बातचीत के दौरान बताया कि टूथब्रश को कभी भी गीला नहीं करना चाहिए। ब्रश को गीला करने से टूथपेस्ट का असर कम हो जाता है।
वहीं, इसी संबंध में डेंटिस्ट डॉ. राहा सेपेहर ने कहा कि अगर आपको ब्रश गीला करना पसंद है तो आप उसे मामूली सा गीला कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने पूरी तरह गीला करने से मना किया। उनका कहना है कि ज्यादा पतले टूथपेस्ट से ब्रशिंग की दक्षता कम हो जाती है और यह आपके दांतो के लिए भी अच्छा नहीं होता है।
कुछ लोग ब्रश करने के बाद अच्छे से कुल्ला नहीं करते हैं। अगर आपके मुंह से अच्छी तरह से टूथपेस्ट नहीं निकलेगा तो यह भी आपके दातों को नुकसान पहुंचा सकता है। डेंटिस्ट डॉ. राहा ने यह भी बताया कि ब्रश करने के बाद पानी लेकर अच्छे से कुल्ला करना चाहिए जिससे आपके दांतो में टूथपेस्ट के अवशेष अंदर न रह जाएं।
डेंटिस्ट डॉ. राहा का कहना है कि अगर आप टूथब्रश को उस पर लगे बैक्टीरिया निकालने के लिए गीला करते हैं तो इसे गीला करने की बजाय टूथब्रश कवर का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन ब्रश को गीला करना एवॉइड करें और ब्रश के कवर को भी समय-समय पर बदलते रहें।