बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी लोगों को आहार में नियमित रूप से ताजे फल और सब्जियों को शामिल करने की सलाह दी जाती है। फल-सब्जियों में मौजूद विटामिन्स और पोषक तत्व कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में कारगर माने जाते हैं। कई फलों में ऐसे गुणों के बारे में पता चलता है जो कैंसर जैसी बीमारियों के खतरे को भी कम कर सकते हैं। अनानास ऐसी ही एक बेहद फायदेमंद फल है, जिसका नियमित सेवन आपको कई तरह के स्वास्थ्य लाभ दे सकता है। अनानास शरीर के लिए तमाम तरह के पोषक तत्वों जैसे विटामिन-सी, विटामिन-ए, कैल्शियम, आयरन आदि की भी पूर्ति करने में सहायक है, जिससे आपका शरीर स्वस्थ और रोगमुक्त बना रहता है।
आज का हेल्थ टिप्स: डायबिटीज से लेकर कैंसर तक के जोखिम को कम कर सकता है यह फल, क्या आप करते हैं सेवन?
कई तरह के कैंसर से बचाता है
अध्ययनों में अनानास के ऐसे गुणों के बारे में पता चलता है जो कई तरह के कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है। विटामिन-सी के साथ अनानास को एंटीऑक्सिडेंट्स से भी भरपूर माना जाता है, जो शरीर को फ्री-रेडिकल्स से मुकाबले की शक्ति देता है, जोकि कैंसर के विकास को रोकने में सहायक है। अध्ययनों से पता चला है कि अनानास में पाया जाने वाला बीटा-कैरोटीन, पेट के कैंसर के खतरे को कम करने में कारगर है। फलों और सब्जियों के माध्यम से उच्च फाइबर का सेवन कोलोरेक्टल कैंसर के जोखिम को भी कम करता है।
ब्लड प्रेशर की समस्या से मिलती है सुरक्षा
हाई ब्लड प्रेशर मौजूदा समय की बेहद आम, लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है, इसे हृदय रोगों का प्रमुख जोखिम कारक माना जाता है। आहार में पोटैशियम की मात्रा को बढ़ाकर रक्तचाप को कम करने में मदद मिल सकती है। अनानास को पोटैशियम से भरपूर फल के रूप में जाना जाता है। हाई ब्लड प्रेशर पर रोकथाम करके हृदय रोगों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अनानास का सेवन करना इसमें लाभकारी हो सकता है।
डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद
अध्ययनों से पता चलता है कि उच्च फाइबर वाले आहार का सेवन डायबिटीज की समस्या को बढ़ने से रोकने में सहायक है। हाई फाइबर वाले आहार, टाइप-2 डायबिटीज वाले व्यक्तियों में ब्लड शुगर, लिपिड और इंसुलिन के स्तर को सुधारने में भी सहायक हैं। एक मध्यम आकार का अनानास लगभग 13 ग्राम फाइबर प्रदान करता है। पेट की समस्याओं को ठीक रखने और बेहतर पाचन सुनिश्चित करने में भी अनानास का सेवन फायदेमंद माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।