कोरोना संक्रमण के इस दौर में हम सभी अपनी इम्युनिटी बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होने से कई प्रकार के संक्रमण और बीमारियों का जोखिम कम हो जाता है। अध्ययनों में पाया गया है कि विटामिन-सी और डी वाली चीजों का सेवन, इम्युनिटी को मजबूती देने में आपकी मदद कर सकता है। नींबू विटामिन-सी का सबसे आसान और बेहतर स्रोत माना जाता है, हालांकि पिछले दिनों जिस तरह से नींबू की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है, ऐसे में रोज इसका सेवन कर पाना आम लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि नींबू के अलावा विटामिन-सी प्राप्त करने के लिए और किन चीजों को आहार में शामिल किया जा सकता है?
बजट में सेहत: महंगा हो गया है नींबू फिर भी न हों परेशान, इन चीजों से भी पा सकते पर्याप्त मात्रा में विटामिन-सी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खट्टे फलों से प्राप्त करें विटामिन-सी
नींबू के अलावा अन्य खट्टे फल जैसे संतरे, अंगूर, आंवला में भी पर्याप्त मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है। एक मध्यम आकार के संतरे में 70 मिलीग्राम विटामिन सी होता है। त्वचा के साथ पेट की कई समस्याओं में भी संतरे का सेवन करना अच्छा विकल्प हो सकता है। नींबू की बढ़ती कीमतों को बीच आप आहार में संतरे को शामिल कर सकते हैं। वहीं 100 ग्राम अंगूर से करीब 32 मिलीग्राम की मात्रा में विटामिन-सी प्राप्त हो सकता है।
कीवी कई मायनों में लाभदायक
इम्युनिटी पावर बढ़ाने के लिए कीवी खाना भी अच्छा माना जाता है। यह फल प्रचुर मात्रा में विटामिन-सी का स्रोत होता है, साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर को कई प्रकार को गंभीर और क्रोनिक रोगों से बचा सकते हैं। 100 ग्राम कीवी फल से 92 मिलीग्राम विटामिन-सी मिल सकता है, जो इस फल को प्रतिरक्षा बढ़ाने वाले इस विटामिन का सबसे अच्छा स्रोत बनाता है। आहार में रोज एक कीवी फल को जरूर शामिल करें।
हरी पत्तेदार सब्जियां और साग
आयरन के साथ हरी पत्तेदार सब्जियों और साग में भी विटामिन-सी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। जैसे 100 ग्राम पालक में 28 मिलीग्राम की मात्रा में विटामिन-सी होता है। अपने भोजन में पत्तेदार साग को शामिल करना आपकी सेहत के लिए विशेष लाभप्रद हो सकता है। आयरन, विटामिन-बी के साथ साग में फोलेट और विटामिन-ए भी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है जिसकी शरीर को रोजाना आवश्यकता होती है।
टमाटर भी है अच्छा विकल्प
चमकीले लाल टमाटर, जिन्हें सब्जियों की जान माना जाता है उनमें भी विटामिन-सी की प्रचुरता होती है। एक कप (100 ग्राम) टमाटर में लगभग 25 मिलीग्राम विटामिन-सी होता है। टमाटर शरीर की सेहत को बूस्ट देने वाले कई अन्य विटामिन्स से भी भरपूर होते हैं। इसमें एंटी-इंफ्लामेटरी गुण भी पाए जाते हैं जो शरीर को क्रोनिक बीमारियों के खतरे से सुरक्षित रखने में सहायक हो सकते हैं। आहार में टमाटर को शामिल करना भी आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।