होली रंगों के त्योहार के साथ-साथ पकवानों का भी त्योहार है। इस मौके पर लोग घरों में तरह-तरह के लजीज पकवान तैयार करते हैं और जमकर खाते हैं। हालांकि इस दिन हेल्थ की चिंता न करते हुए लोग खूब खाते हैं। वहीं कुछ लोगों को ज्यादा खा लेने पर तरह-तरह की शिकायतें होने लगती हैं। इसलिए हम आपको बताने जा रहे हैं कि शरीर को डिटॉक्सिफाई कैसे करें। घर में ही मौजूद कुछ चीजें शरीर के टॉक्सिन्स दूर करने में आपकी मदद कर सकती हैं।
होली के मौके पर अगर जमकर खाया है खाना तो घर पर ट्राई करें ये ड्रिंक्स
खीरा
खीरे में लगभग 96 फीसदी पानी और फाइबर्स पाए जाते हैं। इसे इलेक्ट्रोलाइट्स का पावरहाउस भी कहा जाता है। यह शरीर के खतरनाक केमिकल्स और एसिडिक पदार्थों को बाहर कर पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके लिए पहले आप खीरे को छीलकर इसे टुकड़ों में काट लें। अब मिक्सर जार में खीरा, नींबू का रस, पुदीने की पत्तियां, थोड़ा सा अदरक, काला नमक और सादा नमक डालकर पीस लें। इसे छलनी से छान लें और चाहें तो बर्फ डाल लें और फिर पीएं।
हरा धनिया
हरा धनिया शरीर की सफाई करने वाले एंजाइम्स को बढ़ाता है जिससे विषैले पदार्थ बाहर निकलते हैं। यह एंटीसेप्टिक व एंटी फंगल गुणों से भरपूर होता है। वजन कम करने में भी हरे धनिया का जूस फायदेमंद साबित होता है। इसके लिए पहलें आप एक गिलास पानी में एक नींबू निचोड़ लें। इसमें कटा हुआ हरा धनिया, काला नमक और पिसा हुआ जीरा मिलाएं। इसमें बर्फ के एक या दो टुकड़े भी मिला सकते हैं। इसे मिक्सी में ग्राइंड कर लें और छलनी से छानकर पीएं।
नींबू
नींबी में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। यह शरीर में जमे फैट को ब्रेक डाउन करता है और बॉडी फैट को एनर्जी में बदलता है। प्रदूषण की वजह से शरीर को होने वाले नुकसान से बचाने में भी नींबू का रस मदद करता है। एक गिलास पानी में एक नींबू निचोड़ लें। इसमें कटा हुआ पुदीना और नमक मिला लें। इसे मिक्सी में ग्राइंड कर लें और छलनी से छानकर पीएं। स्वाद के अनुसार नींबू के इस जूस में शहद डालकर भी आप पी सकते हैं।
दालचीनी
दालचीनी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और हल्दी में पाया जाने वाला करक्यूमिन बॉडी को डिटॉक्स करने के अलावा वजन कम करने में भी आपकी मदद करता है। इसके लिए एक गिलास पानी में दालचीनी का एक टुकड़ा मिला लें। इसमें अदरक और हल्दी मिलाकर कुछ देर उबालें। फिर इसे छलनी से छान लें और गुनगुना करके पीएं।