युवाओं में बालों की बढ़ती समस्या काफी आम होती जा रही है। हर पांच में से एक युवा कम उम्र में बालों के तेजी से टूटने, गंजेपन से परेशान है, इसके लिए लाइफस्टाइल में गड़बड़ी, आहार की समस्या और रसायन युक्त उत्पादों के अधिक प्रयोग को प्रमुख कारण के तौर पर देखा जा रहा है। क्या इस तरह की समस्या से बचाव किया जा सकता है? बालों को झड़ने से रोकने और नए बालों के विकास को बढ़ावा देने के लिए लोग कई सारे घरेलू उपाय सुझाते रहते हैं, बालों में प्याज का रस लगाना ऐसा ही काफी चर्चित उपाय है, पर क्या वास्तव में इससे लाभ होता है? क्या इस उपाय को मेडिकल साइंस में प्रमाणित करता है?
जानना जरूरी: प्याज के रस से वास्तव में आते हैं नए बाल? जानिए इस बारे में अध्ययनों से क्या पता चला
बालों के लिए प्याज के रस के लाभ
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि प्याज का रस कई तरह से बालों के झड़ने को रोकने में मदद कर सकता है। प्याज में सल्फर की उच्च मात्रा होती है जो बालों के पोषण के लिए आवश्यकता होती है। सल्फर, अमीनो एसिड में पाया जाता है, जो प्रोटीन के घटक है। प्रोटीन, विशेष रूप से केराटिन बालों को मजबूत बनाने और नए बालों को उगाने के लिए आवश्यक तत्व है। ऐसे में अगर प्याज के रस का प्रयोग किया जाए तो बालों को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
अध्ययनों में क्या पता चला?
प्याज का रस बालों के लिए कितना फायदेमंद है, इस बारे में जानने के लिए शोधकर्ताओं की टीम ने एक अध्ययन किया। इसमें एक समूह के लोगों को रोजाना सिर में प्याज का रस लगाने को दिया गया। इस शोध के निष्कर्ष में पाया गया है कि जिन लोगों ने प्याज का रस लगाया उनमें बाल का विकास और मजबूती अधिक देखी गई। पुरुषों और महिलाओं दोनों में इसके लाभ देखे गए हैं। हालांकि यह अध्ययन एक दशक से अधिक पुराना है, इस विषय में और अधिक विस्तृत शोध की आवश्यकता है। प्याज में मौजूद पोषक तत्व बालों के विकास में जरूर सहायक पाए गए हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अमर उजाला से बातचीत में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ शंकिला मित्तल बताती हैं, प्याज, बालों को झड़ने से रोकने और इसके पोषण के लिए वर्षों से प्रयोग में लाया जाता रहा है। अध्ययनों में भी प्याज के रस को बालों के झड़ने के उपचार में, विशेष रूप से एलोपेसिया एरीटा की समस्या में प्रभावी पाया गया है। एलोपेसिया एरीटा एक ऑटोइम्यून स्थिति है जिसमें दाढ़ी, मूंछ या खोपड़ीवाले क्षेत्रों से गोल पैच में बालों का अचानक झड़ना शुरू हो जाता है। प्याज का रस बालों के पुनर्विकास को बढ़ावा देने में सहायक है।
हालांकि सबकी त्वचा एक जैसी नहीं होती है, यदि आपके बाल झड़ रहे हैं तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें। उनकी सलाह के अनुसार ही इस तरह के घरेलू उपायों को प्रयोग में लाया जाना चाहिए।
बालों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बालों को स्वस्थ रखने और इन्हें टूटने से रोकने के लिए प्याज का रस लगाना फायदेमंद हो सकता है, पर इसके साथ आपको डॉक्टरी सलाह के आधार पर उपचार और दवाइयों की भी जरूरत होती है। बालों को स्वस्थ रखने के लिए आहार को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। विटामिन्स, प्रोटीन से भरपूर चीजें बालों को मजबूत बनाती हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि बालों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से योग-व्यायाम की आदत बनाना भी आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।