शरीर को स्वस्थ रखने के लिए इम्युनिटी का मजबूत होना आवश्यक माना जाता है। मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली न केवल व्यक्ति को स्वस्थ रखने में मदद करती है, साथ ही कई तरह के संक्रमण के जोखिमों को भी कम करती है। वायरस, बैक्टीरिया और फंगस जैसे रोगजनकों के कारण शरीर में कई तरह के संक्रमण और बीमारियों का खतरा होता है। प्रतिरक्षा प्रणाली एंटीबॉडी को रिलीज करके इन रोगजनकों को मारकर शरीर की सुरक्षा करती है।
आज का हेल्थ टिप्स: इम्युनिटी बढ़ाकर संक्रमण के खतरे को कम करने में कारगर हैं ये खाद्य पदार्थ, नियमित सेवन की बनाएं आदत
भोजन में शामिल करिए हल्दी
प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत रखने के लिए भोजन में मसालों का बड़ा योगदान होता है। हल्दी इसमें आपके लिए काफी मददगार औषधि के तौर पर काम करती है। हल्दी का सेवन करने से प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया में सुधार होता है। हल्दी में करक्यूमिन नामक यौगिक पाया जाता है जो इसे शरीर के लिए काफी लाभकारी औषधि बनाता है। साल 2017 की एक समीक्षा के अनुसार करक्यूमिन में एंटीऑक्सिडेंट और एंटी इंफ्लामेटरी प्रभाव होते हैं, जो इम्युनिटी के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं।
पालक है बहुत फायदेमंद
पालक के सेवन की आदत आपके लिए कई तरह से लाभदायक हो सकती है। पालक में कई आवश्यक पोषक तत्व और एंटीऑक्सिडेंट होते हैं जो प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक माने जाते हैं। पालक को कैरोटीनॉयड,विटामिन-सी, विटामिन-ई का अच्छा स्रोत माना जाता है। विटामिन-सी और ई, प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक होते हैं। शोध से पता चलता है कि पालक में पाया जाने वाला फ्लेवोनोइड सामान्य सर्दी को रोकने में मदद कर सकता है।
संतरा और कीवी फलों का करें सेवन
मजबूत इम्युनिटी के लिए फलों को आहार में शामिल करना बहुत आवश्यक माना जाता है। संतरा और कीवी दोनों ही फल विटामिन-सी का उत्कृष्ट स्रोत हैं, जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में काफी कारगर माने जाते हैं। कीवी फल में कई तरह के एंटीऑक्सिडेंट गुण भी पाए जाते हैं जो शरीर को कई तरह की बीमारियों और संक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।