अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन कहता है, दुनियाभर में हृदय रोग मौत के प्रमुख कारणों में से एक है। इसमें भी हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट की समस्या के कारण सबसे ज्यादा लोगों की जानें जाती है। अगर समय रहते इनके लक्षणों की पहचान कर ली जाए तो न सिर्फ हृदय रोगों, बल्कि इसके कारण होने वाले मौत के जोखिमों को भी कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हृदय में रक्त की आपूर्ति अचानक बाधित या अवरुद्ध हो जाने के कारण हार्ट अटैक पड़ सकता है। इसका सामान्यत: मुख्य कारण हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण धमनियों के बंद होने को माना जाता है। धूम्रपान जैसी अस्वास्थ्यकर आदतों के कारण भी धमनियों में संकुचन हो सकता है, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ जाता है।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन: संकेतों की पहचान कर हार्ट अटैक से रह सकते हैं सुरक्षित, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हार्ट अटैक के लक्षणों की करें पहचान
अमर उजाला से बातचीत में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ मयंक अस्थाना बताते हैं, हार्ट अटैक के लक्षण, सीने में दर्द से लेकर सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस होने तक हो सकते हैं। आमतौर पर लोग सोचते हैं कि छाती में बाईं ओर का दर्द हृदय रोग से संबंधित है, हालांकि शरीर में कई अन्य हिस्सों में होने वाला दर्द भी हार्ट अटैक की समस्याओं का संकेत हो सकते हैं। जबड़े से लेकर नाभि तक में कोई भी दर्द हृदय से संबंधित हो सकता है। हार्ट अटैक के एक घंट के भीतर करीब 30 फीसदी लोगों की मौत हो जाती है, इसलिए इसके लक्षणों और जोखिम कारकों को समझना बहुत आवश्यक है।
छाती में असहजता या परेशानी
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार यदि आपकी छाती में लगातार असहजता, दर्द या दबाव की समस्या बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। शुरुआत में छाती में असहजता हल्की होती है जो समय के साथ बढ़ती जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक हार्ट अटैक के मामले में ज्यादातर लोगों को छाती के केंद्र में दर्द होता है जो कुछ मिनटों तक रह सकता है और फिर रुक जाता है। यह दर्द कुछ समय बाद फिर से हो सकता है, इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें।
शरीर के ऊपरी हिस्से में समस्या
हार्ट अटैक की समस्या में सीने में दर्द के अलावा शरीर के ऊपरी हिस्सों जैसे जबड़े, पेट, हाथ, गर्दन या पीठ में भी परेशानी का अनुभव हो सकता है। पहले माना जाता था कि बाएं हाथ और कंधे का दर्द दिल के दौरे से जुड़ा हुआ है। हालांकि अब विशेषज्ञ दाहिने हाथ में दर्द को भी एक संकेत के रूप में देखते हैं। ऐसे दर्द की स्थिति में डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
लगातार थकान या सांस फूलने का समस्या
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार यदि आपको लगातार थकान या सांस फूलने का समस्या बनी रहती है तो इस बारे में डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें, इसे हार्ट अटैक का संकेत माना जा सकता है। दिल के दौरे के लगभग 90 फीसदी रोगियों को छाती में बेचैनी या दर्द का अनुभव होता है। शुरुआत में इन लक्षणों की पहचान करके स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है।
------------------
नोट: यह लेख अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।