देशभर में होली की उमंग और धूम का माहौल है। रंगों और उत्साह के इस त्योहार का हम सभी पूरे साल इंतजार करते रहते हैं, पर पिछले दो साल की तरह इस बार भी होली पर कोरोना का साया मंडरा रहा है। देश में संक्रमण की रफ्तार भले ही थम गई है, पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सभी लोगों को अब भी लगातार सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है। विशेषकर होली के दिनों में चूंकि बाजारों में भीड़ और त्योहार में लोगों से मिलना-जुलना अधिक हो जाता है, ऐसे में आपकी जरा सी भी लापरवाही संक्रमण के जोखिम को दोबारा से बढ़ा सकती है। यही कारण है कि सभी लोगों को सुरक्षित और सेहतमंद होली पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
Holi 2022: आपकी जरा सी लापरवाही बढ़ा सकती है कोरोना संक्रमण का जोखिम, इन बातों को ध्यान में रखकर मनाएं सुरक्षित होली
क्या होली के कारण संक्रमण में आ सकता है उछाल?
अमर उजाला से बातचीत में कोविड-19 मामलों के विशेषज्ञ डॉ रुचिर सिंह बताते हैं, पिछले दो साल से यही देखा जा रहा है कि त्योहारों के दौरान कोविड से बचाव के उपायों को लेकर बरती गई लापरवाही के कारण केस में तेजी से उछाल आ जाता है। तीसरी लहर से पहले दीपावली के बाद भी ऐसा देखा गया था।
होली के त्योहार में फिर से स्वाभाविक रूप से लोगों का मिलना-जुलना बढ़ेगा, ऐसे में लापरवाही के कारण फिर से खतरा बढ़ सकता है। संक्रमण के मामले भले ही इस समय कम हों पर कोरोना का वायरस अब भी हमारे आसपास ही है। होली में सभी लोगों को कोविड बचाव के उपायों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग, दो कारगर उपाय
डॉ रुचिर कहते हैं, चूंकि इस बार ज्यादातर लोगों का टीकाकरण हो चुका है, ऐसे में रोग की गंभीरता का जोखिम कम है। महामारी के जोखिम को कम करने के लिए होली के त्योहार के समय फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग, इन दो बातों को ध्यान में रखकर हम संक्रमण में एक और उछाल से बचाव कर सकते हैं। लोगों से मिलते समय मास्क लगाकर रखें। दो गज दूरी का भी पालन, होली उत्सव के दौरान करते रहें।
इन बातों का सभी लोगों को रखना चाहिए ख्याल
होली के त्योहार में इन कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन करके अपने और आसपास के लोगों की सेहत का ध्यान रखना सुनिश्चित करें।
- होली समारोह के दौरान फेस मास्क जरूर पहनें। हाथों की स्वच्छता और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखें।
- सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति जिसमें सर्दी या बुखार के लक्षण हों, उत्सव में शामिल न हों। अगर आपको हल्की सर्दी या खांसी है तो होली खेलने से बचें।
- बड़ी सभाओं से जाने से बचें। आसपास के लोगों के छोटे समूह के साथ त्योहार का आनंद उठाएं।
- सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें, हाथ मिलाने और गले लगाने से बचें।
- बिना हाथों को अच्छी तरह से साफ किए कुछ भी खाने से बचें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।