इस भीषण गर्मी में शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत आवश्यक हो जाता है। शरीर को तरावट देने के लिए ज्यादातर लोग कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन करते हैं। सोडा युक्त ये ठंडे पेय आपको रिफ्रेश करने के साथ पेट में ठंडक का एहसास जरूर कराते हैं, पर इनका रोजाना या अधिक मात्रा में सेवन करना आपकी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है। विशेषकर युवाओं में कोल्ड ड्रिंक्स के बढ़ते रुचि को देखते हुए विशेषज्ञ अलर्ट करते हैं।
Summer Drinks: क्या कोल्ड ड्रिंक्स का अधिक सेवन बढ़ा देता है कैंसर का खतरा? जानिए अध्ययन में क्या पता चला
टाइप-2 डायबिटीज का खतरा
शोध बताते हैं कि कोल्ड ड्रिंक्स में फ्रुक्टोज की मात्रा अधिक होती है। अत्यधिक फ्रुक्टोज के सेवन से इंसुलिन प्रतिरोध बढ़ सकता है, जिसके कारण टाइप-2 डायबिटीज या जिन लोगों को पहले से ही डायबिटीज है उनमें ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का जोखिम हो सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि रोजाना एक केन कोल्ड ड्रिंक पीना भी आपमें टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को कई गुना तक बढ़ा सकता है। डायबिटीज को साइलेंट किलर बीमारियों में से एक माना जाता है, जो कई तरह की और भी बीमारियों के खतरे को बढ़ा देती है।
कैंसर का जोखिम
आश्चर्यजनक रूप से कुछ अध्ययन इस बात की तरफ भी इशारा करते हैं कि अधिक मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स के सेवन की आदत कई ऐसी स्थितियों का भी कारण बन सकती है जो आपमें कैंसर के खतरे को बढ़ा देती है। 60,000 से अधिक वयस्कों पर किए गए एक अध्ययन से पता चला है कि जो लोग प्रति सप्ताह 2 या इससे अधिक केन कोल्ड ड्रिंक्स पीते हैं, उनमें अग्नाशयी कैंसर विकसित होने की आशंका 87 फीसदी अधिक हो सकती है।
एक अन्य अध्ययन के अनुसार पोस्टमेनोपॉज़ल महिलाओं में कोल्ड ड्रिंक्स के अधिक सेवन की आदत एंडोमेट्रियल कैंसर या गर्भाशय की अंदरूनी परत के कैंसर का भी कारण बन सकती है।
मोटापा और बेली फैट का खतरा
कोल्ड ड्रिंक्स के अधिक सेवन के कारण वजन बढ़ने का जोखिम सबसे ज्यादा होता है। शोध बताते हैं कि ज्यादातर सॉफ्ट ड्रिंक्स के एक केन में 8 बड़े चम्मच की मात्रा में शुगर होता है। इसका अधिक सेवन शरीर में कैलोरी की मात्रा को बढ़ा देता है, जिसके कारण मोटापे का खतरा भी बढ़ जाता है। शरीर का वजन अधिक होने को अध्ययनों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख जोखिम कारक बताया गया है। कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन कम मात्रा में ही किया जाना चाहिए।
लिवर से संबंधित दिक्कतें
कोल्ड ड्रिंक्स का नियमित या अधिक मात्रा में सेवन करना, लिवर से संबंधित कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे को बढ़ा सकता है। विशेषकर इससे फैटी लिवर डिजीज का जोखिम काफी बढ़ जाता है। शोध बताते हैं कि अधिक मात्रा में फ्रुक्टोज कॉर्न सिरप वाली चीजों का सेवन लिवर पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा देती है, जिसके कारण इस अंग से संबंधित कई तरह की बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।