Medically Reviewed by Dr. Rajan Gandhi
जनरल फिजिशियन, चाइल्डकेयर हॉस्पिटल, उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- एम.बी.बी.एस, डिप्लोमा सी.एच
अनुभव- 25 वर्ष
किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। इसके बिना किसी व्यक्ति के जीने की कल्पना भी नहीं की जा सकती, क्योंकि मानव शरीर को सुचारू रूप से चलाने के लिए किडनी का होना और वो भी स्वस्थ होना सबसे जरूरी है। दरअसल, किडनी शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है। हालांकि आज के समय में लोगों की खराब जीवनशैली और खराब खानपान की वजह से किडनी खराब होने की समस्याएं काफी बढ़ गई हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि जब किडनी विषाक्त पदार्थों को सही तरीके से खून से अलग नहीं कर पाती है और शरीर विषाक्त पदार्थों से भर जाता है। यही वजह है कि किडनी फेल होने का खतरा बना रहता है और गंभीर स्थिति में व्यक्ति की जान भी जा सकती है। इसलिए किडनी को स्वस्थ बनाए रखना बहुत जरूरी होता है और इसके लिए खानपान सही रखना पड़ता है। आइए जानते हैं कि डाइट में किन चीजों को शामिल करने से किडनी को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है?
सलाह: डाइट में जरूर शामिल करें ये चार चीजें, किडनी रोग का खतरा होगा कम
लहसुन
- लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इसीलिए इसे 'प्राकृतिक एंटीबायोटिक' भी कहा जाता है। लहसुन खाने के कई फायदे हैं। इसे दिल के स्वास्थ्य के लिए तो एक अच्छा आहार माना ही जाता है, साथ ही इसे किडनी के लिए फायदेमंद माना जाता है। नियमित रूप से इसके सेवन से किडनी रोगों से बचा जा सकता है।
प्याज
- लहसुन की तरह ही प्याज को भी किडनी के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट किडनी को बीमारियों से दूर रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा प्याज को दिल के लिए भी अच्छा माना जाता है। रोजाना इसके सेवन से हृदय रोगों के खतरे को भी कम करने में मदद मिल सकती है।
शकरकंद
- शकरकंद में भरपूर मात्रा में पोटैशियम पाया जाता है। यह शरीर में सोडियम के स्तर को संतुलित करने और किडनी पर इसके प्रभाव को कम करने में मदद करता है। इससे किडनी रोगों का खतरा कम हो जाता है। इसके अलावा इसे पाचन तंत्र के लिए भी अच्छा माना जाता है।
पानी
- शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। यह किडनी के लिए तो सबसे जरूरी होता है। अगर आप पानी पिएंगे तो किडनी को विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने में परेशानी नहीं होगी, जिससे किडनी के साथ-साथ शरीर भी स्वस्थ रहेगा।
नोट: डॉ. राजन गांधी अत्यधिक योग्य और अनुभवी जनरल फिजिशियन हैं। इन्होंने कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से अपना एमबीबीएस पूरा किया है। इसके बाद इन्होंने सीएच में डिप्लोमा पूरा किया। फिलहाल यह उजाला सिग्नस कुलवंती अस्पताल, कानपुर में मेडिकल डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर काम कर रहे हैं। यह आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के आजीवन सदस्य भी हैं। डॉ. राजन गांधी को इस क्षेत्र में 25 साल का अनुभव है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।