पिछले कुछ दिनों से भारत सहित दुनिया के तमाम हिस्सों से कोरोना संक्रमण के दोबारा बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं। चीन और रूस जैसे देशों ने कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों को देखते हुए कुछ हिस्सों में लॉकडाउन का ऐलान भी कर दिया है। भारत के भी कुछ राज्यों से कोरोना के बढ़ते मामलों की रिपोर्ट सामने आ रही है। फिलहाल देश के लिए अच्छी बात यह है कि यहां अब तक 105 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज मिल चुकी है। हालांकि, हालिया रिपोर्टस में विशेषज्ञों ने चेताया है कि जिन लोगों का पूरी तरह से वैक्सीनेशन हो चुका है, उनसे भी कोरोना का संक्रमण फैल सकता है।
कोरोना का खतरा: वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके लोग भी फैला सकते हैं संक्रमण, अध्ययन में वैज्ञानिकों ने किया आगाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीकाकरण करा चुके लोगों से भी संक्रमण का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना वायरस के गंभीर खतरे से बचने के लिए टीकाकरण निश्चित ही सबसे प्रभावी हथियार है, लेकिन टीकाकरण करा चुके लोगों को भी विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। नैदानिक परीक्षणों से पता चला है कि इस समय मौजूद सभी वैक्सीन, वायरस के खिलाफ एक निश्चित स्तर की सुरक्षा प्रदान करते हैं। हालांकि, यह भी पाया गया है कि टीकाकरण करा चुके लोग भी वायरस की चपेट में आ सकते हैं, साथ ही इनसे वायरस का प्रसार भी हो सकता है।
अध्ययन में सामने आई यह बात
द लैंसेट इंफेक्शियस डिजीज जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार भले ही आपने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली हैं, फिर भी आपके संक्रमित होने और अन्य लोगों तक संक्रमण पहुंचाने की आशंका रहती है। हां, टीकाकरण करा चुके लोगों में संक्रमण के गंभीर रूप लेने और संक्रमण के कारण होने वाली मौत का खतरा बेहद कम होता है। टीकाकरण करा चुके लोगों को ब्रेकथ्रू इंफेक्शन के खतरे से सुरक्षित रहने के उपाय करते रहने चाहिए।
ब्रेकथ्रू इंफेक्शन क्या है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, ब्रेकथ्रू इंफेक्शन उस स्थिति को कहा जाता है जब टीके की दोनों खुराक ले चुके लोगों को भी संक्रमण हो जाए। अब तक देखने को मिला है कि ब्रेकथ्रू इंफेक्शन के लक्षण एसिम्टोमैटिक या फिर मध्यम ही होते हैं। दुनियाभर में ब्रेकथ्रू इंफेक्शन के मामले फिलहाल बहुत ही कम देखने को मिल रहे हैं। बावजूद इसके, स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।
इन बातों का रखना होगा खास ख्याल
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके लोगों को भी कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी उपायों का पालन करते रहना चाहिए। बाहर या भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाते समय मास्क लगाकर रखें, हाथों की स्वच्छता औऱ सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करके आप स्वयं को और अपने आस-पास के लोगों को भी कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित रख सकते हैं। सबसे जरूरी बात, कोरोना के गंभीर संक्रमण से खुद को सुरक्षित रखने के लिए वैक्सीनेशन कराना बहुत आवश्यक है।
----------------
स्रोत और संदर्भ
Community transmission and viral load kinetics of the SARS-CoV-2 delta (B.1.617.2) variant in vaccinated and unvaccinated individuals in the UK: a prospective, longitudinal, cohort study
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।