पिछले एक दशक में हृदय रोगों का खतरा काफी तेजी से बढ़ता हुआ देखा गया है। कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने को इसका प्रमुख कारण माना जाता है। कोलेस्ट्रॉल, लिवर द्वारा स्वाभाविक रूप से उत्पादित होने वाला एक फैटी पदार्थ है जो शरीर के कई कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि रक्त में इसकी मात्रा बढ़ जाने की स्थिति कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी बन सकती है, जिसमें हृदय रोग एक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक अगर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित कर लिया जाए तो हृदय रोग और हार्ट अटैक को जोखिम को 40 फीसदी तक कम किया जा सकता है।
आज का हेल्थ टिप्स: ऐसी चीजें बढ़ा सकती हैं शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर, बेहतर स्वास्थ्य के लिए कम कर दें इनका सेवन
फुल फैट डेयरी उत्पाद
सामान्यतौर पर सभी लोगों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए डेयरी उत्पादों के अधिक से अधिक सेवन की सलाह दी जाती है, पर ध्यान रखें इनमें से कुछ चीजों का अधिक सेवन कोलेस्ट्रॉल के स्तर को प्रभावित भी कर सकता है। बटर, फुल फैट योगर्ट और पनीर आदि में संतृप्त वसा की मात्रा अधिक होती है। पनीर में सोडियम भी अधिक पाया जाता है, ऐसे में इसका बहुत अधिक मात्रा में सेवन करना सेहत के लिए फायदे की जगह नुकसानदायक भी हो सकता है। मक्खन के बजाय एक्स्ट्रा-वर्जिन ऑलिव ऑयल या एवोकैडो ऑयल के सेवन की सलाह दी जाती है।
रेड मीट का अधिक सेवन नुकसानदायक
रेड मीट को भले ही प्रोटीन के सबसे अच्छे स्रोतों में से एक माना जाता है, पर ध्यन रहे इसमें संतृप्त वसा और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा भी अधिक होती है। रेड मीट का सेवन कम मात्रा में करें, इसकी जगह चिकन को ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। पशुओं के मांस पर आधारित प्रोटीन के सेवन से ज्यादा प्लांट-बेस्ड प्रोटीन को सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित कैसे रखें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हम जिन चीजों का सेवन करते हैं उसका हमारे कोलेस्ट्रॉल के स्तर पर प्रभाव पड़ता है। द हार्ट फाउंडेशन के अनुसार कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने के लिए
- आहार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है।
- सब्जियां, फल और साबुत अनाज का सेवन अधिक करें।
- विभिन्न प्रकार के स्वस्थ प्रोटीन स्रोत (विशेषकर मछली और समुद्री भोजन), फलियां, नट्स और सीड्स का सेवन करें।
- बिना फैट वाले दूध, दही और पनीर का सेवन करें।
- हेल्दी फैट- नट, सीड्स, एवोकाडो, ऑलिव ऑयल का सेवन फायदेमंद माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।