फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

हेल्थ अलर्ट: बुजुर्गों की सेहत के लिए कितनी खतरनाक है शरीर में जमा चर्बी? जानिए इसे घटाने का सबसे आसान तरीका

Tue, 13 Oct 2026 04:08 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिलाष श्रीवास्तव Updated Tue, 13 Oct 2026 04:08 PM IST
सार

High Body Fat Risks: बढ़ती उम्र में शरीर की अतिरिक्त चर्बी डायबिटीज, हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और जोड़ों की समस्याओं का खतरा बढ़ा सकती है। वजन को कंट्रोल रखना बुजुर्गों के लिए जरूरी है। एचआईआईटी को बुजुर्गों की सेहत के लिए फायदेमंद पाया गया है।

विज्ञापन
Excess Body Fat in Older Adults High-Intensity Interval Training Benefits
बुजुर्गों में फैट बढ़ने की समस्या - फोटो : Amarujala.com/AI

अच्छी सेहत के लिए शरीर की जिन स्थितियों को सबसे ज्यादा नुकसानदायक माना जाता है, वजन बढ़ना उनमें से एक है। शरीर में अतिरिक्त फैट, खासकर पेट के आसपास जमा चर्बी सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाली हो सकती है। अमर उजाला में हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट में हमने बताया कि किस तरह से पेट पर बढ़ती चर्बी दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ाने वाली हो सकती है? बढ़ते फैट के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ मुख्यरूप से लाइफस्टाइल और खान-पान में गड़बड़ी को मुख्य कारण मानते हैं।



स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी जमा होना संपूर्ण स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकती है। बढ़ती उम्र में यह समस्या अधिक गंभीर हो जाती है। उम्र के साथ मांसपेशियों की ताकत, हड्डियों की मजबूती और शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता में बदलाव आने लगते हैं। ऐसे में पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में अतिरिक्त चर्बी जमा होने से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी उम्र के लोगों को अपने वजन और शरीर के फैट को कम करने पर जोर देते हैं।

Trending Videos
Excess Body Fat in Older Adults High-Intensity Interval Training Benefits
उम्र बढ़ने के साथ रखें फिटनेस का ध्यान - फोटो : freepik.com

बुजुर्गों में फैट बढ़ने की समस्या

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वजन बढ़ने के कारण चलने-फिरने, सीढ़ियां चढ़ने और रोजमर्रा के काम-काज करने में भी परेशानी हो सकती है। इसके अलावा, शरीर में अतिरिक्त चर्बी नींद और शारीरिक सक्रियता को भी प्रभावित कर सकती है। इसलिए बुजुर्गों के लिए वजन को कंट्रोल में बनाए रखना जरूरी है। संतुलित आहार और नियमित व्यायाम इसमें काफी मददगार हो सकती है।

इसी को लेकर एक हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया कि उम्रदराज लोगों में शरीर की चर्बी घटाने के साथ मांसपेशियों को सुरक्षित रखने में हाई-इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग (एचआईआईटी) अधिक प्रभावी हो सकती है। 
 

  • एचआईआईटी ऐसा वर्कआउट है जिसमें कम समय में अधिक तीव्रता वाले व्यायाम किए जाते हैं। इसमें अपनी पूरी ताकत लगाकर (लगभग 80% से 95% अधिकतम हृदय गति पर) एक्सरसाइज की जाती है। विशेषज्ञों ने पाया कि इससे शरीर के फैट को कम करने में मदद मिल सकती है।
Excess Body Fat in Older Adults High-Intensity Interval Training Benefits
मोटापा बढ़ा रहा बीमारियों का खतरा - फोटो : Amarujala.com/AI

अध्ययन में क्या पता चला?

ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ द सनशाइन कोस्ट के शोधकर्ताओं के छह महीने के अध्ययन में पाया गया कि इस व्यायाम से बुजुर्गों की चर्बी कम हुई और मांसपेशियां भी हेल्दी रहीं। वहीं, मध्यम तीव्रता वाले व्यायाम से चर्बी घटने के साथ मांसपेशियों (लीन टिश्यू) में कमी भी दर्ज की गई। लीन टिश्यू का अर्थ है शरीर के वे ऊतक जिनमें फैट की मात्रा कम होती है। इसमें मांसपेशियां, हड्डियां, शरीर के अंग और पानी सहित अन्य ऊतक शामिल होते हैं। 
 

  • इस अध्ययन के निष्कर्ष मेडिकल जर्नल मेटुरिटास में प्रकाशित हुए हैं। शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि बदलाव अपेक्षाकृत छोटे लेकिन सटीक थे।
  • शोध में ऑस्ट्रेलिया के ग्रेटर ब्रिस्बेन क्षेत्र के 123 स्वस्थ बुजुर्गों को शामिल किया गया। उनकी औसत उम्र 72 वर्ष थी। 
  • प्रतिभागियों को उच्च, मध्यम और कम तीव्रता वाले व्यायाम समूहों में बांटा गया। 
  • उन्होंने छह महीने तक सप्ताह में तीन दिन, हर बार 45 मिनट निगरानी में व्यायाम किया।


जिन लोगों ने हाई-इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग वाले अभ्यास किए उनमें शरीर के फैट बर्न होने की गति तेज देखी गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Excess Body Fat in Older Adults High-Intensity Interval Training Benefits
तीव्रता वाले व्यायाम करने से क्या होता है? - फोटो : Freepik.com

हाई-इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग क्या है?

हाई-इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग में कम समय के लिए तेज गति से एक्सरसाइज की जाती है और फिर कुछ समय आराम या हल्की गतिविधि की जाती है। इस प्रक्रिया को कई बार दोहराया जाता है। उदाहरण के लिए, कुछ सेकंड तेजी से साइकिल चलाना या तेज गति से चलना और उसके बाद धीमी गति से व्यायाम करना। इस तरह की ट्रेनिंग से कम समय में शारीरिक सक्रियता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। 
 

  • अध्ययनों में पाया गया है कि नियमित रूप से एचआईआईटी का अभ्यास हृदय की कार्यक्षमता, सहनशक्ति और इंसुलिन संवेदनशीलता को बेहतर बनाने में सहायक हो सकती है। 
  • इसके अलावा, यह शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता बढ़ाने और वजन को कंट्रोल रखने में भी मदद करती है। 


स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अध्ययन में एचआईआईटी के लाभ जरूर देखे गए हैं। हालांकि हर व्यक्ति के लिए ये फायदेमंद नहीं है। पहले से हृदय रोग, जोड़ों या अन्य किसी क्रॉनिक बीमारी से जूझ रहे लोगों को इसे शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। बिना विशेषज्ञ की सलाह के अचानक तेज गति का व्यायाम शुरू कर देने से हड्डियों-मांसपेशियों में चोट लगने या हार्ट रेट बहुत ज्यादा बढ़ जाने की समस्या हो सकती है।



--------------
स्रोत:
Exercise intensity influences body composition: a 6-month comparison of high-intensity interval, moderate- and low-intensity training among healthy older adults


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed