आपने भी कई ऐसे लोगों को देखा होगा जिनके दिन की शुरुआत बिना चाय के नहीं होती है। इतना ही नहीं कुछ लोगों को तो आंख खुलते ही बेड पर चाय चाहिए होती है। आपकी यह आदत नींद भगाने में तो मदद कर सकती है, पर क्या आप जानते हैं कि सेहत के लिहाज से विशेषज्ञ इसे बहुत ही नुकसानदायक मानते हैं। खाली पेट चाय पीना कई तरह की बीमारियों का कारण बन सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि चाय और कॉफी में प्रकृतिक रूप से अम्लीयता होती है, ऐसे में खाली पेट इनका सेवन करने से एसिड का बेसिक संतुलन बिगड़ सकता है, जिसके कारण एसिडिटी या अपच की समस्या हो सकती है।
आज का हेल्थ टिप्स: खाली पेट चाय पीना कितना नुकसानदायक? जानिए इस आदत के कारण शरीर को होने वाले नुकसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खाली पेट चाय पीने के क्या नुकसान हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक रोजाना खाली पेट चाय-कॉफी पीना कई तरह से आपकी सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
- सुबह सबसे पहले चाय पीने से आपका एसिड और क्षारीय संतुलन बिगड़ सकता है।
- चाय में थियोफिलाइन नामक एक रसायन होता है, जो मल पर निर्जलीकरण प्रभाव डाल सकता है और कब्ज पैदा कर सकता है।
- सुबह सबसे पहले चाय पीने से अन्य पोषक तत्वों का अवशोषण बाधित हो सकता है।
- चाय में निकोटीन के अंश होते हैं, यही कारण हो सकता है कि आप पेय के आदी महसूस करते हैं।
कब पी सकते हैं सुबह की चाय?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सुबह के समय आप चाय पी सकते हैं, लेकिन सुनिश्चित करें कि आप खाली पेट नहीं हैं। सुबह का पहला आहार चाय या कॉफी नहीं होना चाहिए। आमतौर पर वर्कआउट से पहले कॉफी पीने की सलाह दी जाती है क्योंकि यह आपको ऊर्जा से भर देती है और अतिरिक्त कैलोरी बर्न करने में मदद करती है। सुबह के समय सबसे पहले भरपेट पानी पिएं और इसके आधे घंटे के बाद चाय-कॉफी पी सकते हैं।
सुबह सबसे पहले क्या खाएं पिएं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, जागने के बाद आपको सबसे पहले एक कप गर्म पानी में नींबू के रस और काली मिर्च का पाउडर मिलाकर पीना चाहिए। वजन घटाने के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है और आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाएगा। यदि आपका लक्ष्य प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना है तो ताजा गिलोय का रस या आंवला का रस भी प्रभावी विकल्प हैं। आप चाहें तो गुनगुने पानी में आधा छोटा चम्मच अलसी का पाउडर मिलाकर पिएं। यह एक अद्भुत एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करता है और आपके मेटाबॉलिज्म में भी सुधार करता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।