विटामिन-डी को शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता है। यह कैंसर और क्षय रोग (टीबी) जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव करता है। डेनमार्क के शोधकर्ताओं के मुताबिक, विटामिन-डी शरीर की टी-कोशिकाओं की क्रियाविधि में भी वृद्धि करता है, जो किसी भी बाहरी संक्रमण से शरीर की रक्षा करती हैं और टी-कोशिकाओं सक्रिय होने के लिए विटामिन-डी पर निर्भर रहती हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने में विटामिन-डी कितनी मददगार है, इसको लेकर कई शोध हो चुके हैं, जिसमें शोधकर्ता अलग-अलग राय दे चुके हैं। अब एक नए अध्ययन में यह पाया गया है कि विटामिन-डी कोविड-19 से मृत्यु दर को कम करने में मदद करता है। यह अध्ययन तबरिज हेल्थ सर्विसेज मैनेजमेंट रिसर्च सेंटर, तबरिज यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज और शाहीद बहटीटी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज के शोधकर्ताओं द्वारा किया गया है।
Coronavirus: कोरोना वायरस से मृत्यु दर को कम करता है विटामिन-डी, नए अध्ययन में खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस शोध के लिए वैज्ञानिकों ने पहले किए गए कई शोधों का अध्ययन किया। मेडरिक्सिव सर्वर पर प्रकाशित शोध में कहा गया है कि तीन अध्ययनों से पता चला है कि विटामिन-डी लेने वाले कोरोना मरीजों में मृत्यु दर कम है। इसके अलावा एक अन्य अध्ययन से पता चला कि जिन लोगों ने विटामिन-डी लिया था, उनके गहन देखभाल इकाई यानी आईसीयू में भर्ती होने की दर कम थी। इसके अलावा एक अन्य अध्ययन में फाइब्रिनोजेन के सीरम के स्तर में काफी कमी पाई गई। दरअसल, यह सूजन या ऊतकों की क्षति का कारण बनता है।
हालांकि इससे पहले पिछले साल दिसंबर में एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें विशेषज्ञों के एक समूह ने कहा था कि इस बात के पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं कि विटामिन-डी के सप्लिमेन्ट्स के सेवन से कोरोना वायरस से किसी तरह का बचाव होता है। विशेषज्ञों के इस समूह में पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड और साइंटिफिक एडवाइजरी कमिटी ऑन न्यूट्रीशन और नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ एंड केयर एक्सिलेंस के डॉक्टर शामिल थे। हालांकि उनका यह भी कहना था कि अभी इस विषय पर और अधिक शोध की जरूरत है।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विशेषज्ञों का यह भी कहना था कि ये संभव है कि विटमिन-डी का असर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ता हो, जिससे शरीर को श्वास तंत्र पर हमला करने वाले वायरस से लड़ने में मदद मिलती है, लेकिन विटामिन-डी कोरोना वायरस को रोक सकता है या उसके इलाज में मददगार है, इसके पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं।
विटामिन-डी कैसे प्राप्त करें?
वैसे तो सूरज की किरणें विटमिन-डी का सबसे प्रमुख स्रोत हैं, लेकिन इसके अलावा मछली के तेल, अनाज और तरह-तरह के सप्लीमेंट्स से भी आप विटामिन-डी प्राप्त कर सकते हैं। सर्दियों के मौसम में लोग ज्यादातर विटामिन-डी के सप्लीमेंट्स लेते हैं, क्योंकि इस मौसम में धूप बहुत कम ही निकलती है। ब्रिटेन में तो जरूरतमंदों को ये सप्लीमेंट्स मुफ्त में दिए जा रहे हैं, ताकि लोग अपनी हड्डियों और मांसपेशियों को स्वस्थ रख सकें।