आहार में गड़बड़ी या भोजन का सही तरीके से पाचन न हो पाने के कारण कब्ज की दिक्कत हो सकती है। यह बहुत सामान्य स्थिति है और कुछ घरेलू उपायों के माध्यम से आसानी से ठीक भी हो जाती है। हालांकि अगर आपको अक्सर ही यह समस्या परेशान करती रहती है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें, कुछ स्थितियों में कब्ज बने रहना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अक्सर बनी रहने वाली कब्ज की दिक्कत को सिर्फ पाचन विकार तक ही सीमित करके देखना आपके लिए परेशानियों को बढ़ाने वाला हो सकता है।
Constipation Awareness Month: सिर्फ पाचन विकार ही नहीं इन गंभीर बीमारियों के कारण भी हो सकती है कब्ज की समस्या
कब्ज क्यों होता है?
डॉक्टर बताते हैं, हमारा कोलन कुछ कारणों से अपशिष्ट (मल) से बहुत अधिक पानी को अवशोषित कर लेता है जिससे मल सूखकर सख्त हो जाता है, ऐसे स्थिति में इसका बाहर आना कठिन हो जाता है। यह समस्या कब्ज का कारण बनती है। आमतौर पर लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण इस तरह की समस्या होती है। इसके अलावा कुछ और स्वास्थ्य स्थितियां भी कब्ज का कारण बन सकती है, जिसपर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता होती है। इसे नजरअंदाज करना बड़ी समस्याओं का कारण बन सकती है।
कब्ज का कारण बनने वाली चिकित्सा स्थितियां
कब्ज का लंबे समय तक बने रहना और सामान्य उपचार माध्यमों से लाभ न मिलने की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता होती है। कुछ स्थितियों को गंभीर समस्याकारक माना जता है।
- एंडोक्राइन समस्याएं जैसे अंडरएक्टिव थायरॉइड ग्रंथि (हाइपोथायरायडिज्म), मधुमेह, यूरेमिया और हाइपरक्लेसेमिया।
- कोलोरेक्टल कैंसर।
- इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम (आईबीएस) ।
- रीढ़ की हड्डी की चोट, मल्टीपल स्केलेरोसिस, पार्किंसंस डिजीज और स्ट्रोक सहित तंत्रिका संबंधी विकार।
- पाचन तंत्र में संरचनात्मक दोष (जैसे फिस्टुला, कॉलोनिक एट्रेसिया, वॉल्वुलस, इंट्यूससेप्शन)
- गर्भावस्था का जटिलताएं।
कब्ज के इन सामान्य कारणों के बारे में जानिए
आमतौर पर कब्ज होने के कई लाइफस्टाइल और आहार से संबंधित कारण हो सकते हैं, जिनमें समय रहते सुधार करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। आहार में फाइबर वाले खाद्य पदार्थों की कमी, पर्याप्त मात्रा में पानी न पीना (निर्जलीकरण), पर्याप्त व्यायाम न करना, अधिक मात्रा में दूध या पनीर का सेवन, तनाव जैसी स्थितियों के कारण भी कब्ज हो सकता है। दिनचर्या में सामान्य से बदलाव करके इस तरह की दिक्कतों को कम करने में मदद मिल सकती है।
कब्ज से राहत कैसे पाएं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ सामान्य से उपाय करके कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है। इसके लिए दिन में दो से तीन गिलास अतिरिक्त पानी पिएं। कैफीन युक्त पेय और शराब से बचें, इससे निर्जलीकरण हो सकता है। फल, सब्जियां साबुत अनाज और अन्य हाई फाइबर वाले खाद्य पदार्थों को अपने आहार में शामिल करें। कब्ज की दिक्कत से बचाव के लिए व्यायाम करना सबसे बेहतर तरीका माना जाता है।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।