दुनियाभर में पिछले डेढ़ साल से जारी कोरोना के संक्रमण ने लोगों के स्वास्थ्य को कई तरह से प्रभावित किया है। लॉन्ग कोविड के रूप में लोगों में कई तरह की गंभीर समस्याएं देखने को मिल रही हैं। हृदय और फेफड़ों को क्षति पहुंचाने के साथ कोरोना के चलते लोगों की नींद पर भी प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिल रहा है। कई अध्ययनों में स्पष्ट हो चुका है कि कोरोना के चलते संक्रमित और गैर संक्रमित, दोनों ही तरह के लोगों को नींद से संबंधित कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शरीर को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में नींद लेना बेहद आवश्यक माना जाता है। नींद पूरी न होना या फिर नींद आने में समस्या महसूस होना, स्वास्थ्य संबंधी कई सारी दिक्कतों का कारण बन सकता है।
अलर्ट: रात के समय कहीं आपकी भी तो नहीं हैं ऐसी आदतें, हो जाएंगे अनिद्रा के शिकार
स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक अक्सर सोने से कुछ समय पहले तक मोबाइल देखते रहना हमारी आदत का हिस्सा हो गया है, हालांकि हमें ध्यान रखना चाहिए कि सोने से पहले स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल अनिद्रा की समस्या का कारण बन सकता है। स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी सर्कैडियन रिदम को खराब कर सकती है जिससे अनिद्रा का खतरा बढ़ जाता है। यदि आपको देर रात तक काम करना होता है, तो आप मोबाइल या लैपटॉप में उन फीचरों का इस्तेमाल कर सकते हैं जो नीली रोशनी को कम कर देती हों।
सोने से पहले चाय-कॉफी का सेवन
आहार विशेषज्ञों की मानें तो रात के समय में उन सभी चीजों से बचना चाहिए जिनमें कैफीन की मात्रा अधिक हो सकती है। कई खाद्य पदार्थों में कैफीन हो सकता है, जिसके बारे में आपको अक्सर पता भी नहीं होता है, इसकी जांच के लिए संबंधित खाद्य पदार्थ के पोषण लेबल को चेक कर लें। चाय और सोडा में कैफीन होता है, इसके आलावा कुछ आइसक्रीम और डेसर्ट के साथ कॉफी और चॉकलेट में भी कैफीन की मात्रा अधिक होती है। नींद की समस्याओं से बचे रहने के लिए रात के समय इन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।
खाने के बाद तुरंत बाद सोने की आदत
खाने के बाद तुरंत बाद बेड पर चले जाने से पेट में जलन, एसिडिटी जैसी समस्या हो सकती है जो नींद में बाधा उत्पन्न कर देती है। इन समस्याओं से बचने के लिए खाना खाने के बाद जरूर टहले। सोने जाने से कम से कम 2 घंटे पहले भोजन करें। इसके अलावा रात के समय हमेशा हल्का भोजन करना चाहिए, भारी भोजन करने से बचें क्योंकि इसे पचने में अधिक समय लग सकता है। रात में ज्यादा तली-भुनी चीजों को खाने से बचना चाहिए।
रात में सोने से पहले शराब या धूम्रपान जैसे किसी भी तरह का नशा नहीं करना चाहिए। शराब, पाचन तंत्र पर बुरा असर डालने के साथ नींद की समस्या को बढ़ा देती है। अक्सर कई लोगों की आदत होती है कि वे रात के समय अधिक मात्रा में शराब पी लेते हैं, लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि शराब का अधिक सेवन आपकी प्रतिरोधी क्षमता को कमजोर कर सकता है। इसलिए इससे बचें। इसी तरह से धूम्रपान या तंबाकू युक्त चीजें भी नींद के साथ सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं, रात में इनसे सेवन का बचने का प्रयास करना चाहिए।
------------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।