स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार में सभी लोगों को नट्स जरूर शामिल करना चाहिए। सूखे मेवों में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो मस्तिष्क से लेकर हृदय रोगों तक में लाभकारी हो सकते हैं। विशेषतौर पर मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए अखरोट और बादाम को विशेष लाभकारी माना जाता रहा है। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा अधिक होती है जो मस्तिष्क के विकास , कार्यक्षमता और स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए लाभकारी है।
ब्रेन हेल्थ: याददाश्त और एकाग्रता के लिए कौन सा ड्राई फ्रूट है बेहतर, जानिए क्या कहती है रिसर्च
अखरोट और बादाम दोनों मस्तिष्क की सेहत के लिए उपयोगी पोषक तत्व प्रदान करते हैं। किशोरों पर हुए एक अध्ययन में अखरोट के सेवन से ध्यान केंद्रित करने की क्षमता में सुधार के संकेत मिले। अखरोट ओमेगा-3 का स्रोत है, जबकि बादाम विटामिन-ई और मैग्नीशियम देता है।
अखरोट खाने से दिमाग को क्या फायदा होता है?
अखरोट में अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (एएलए) नाम का ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है। यह मस्तिष्क के सामान्य विकास और कोशिकाओं के कामकाज में भूमिका निभाता है।
स्पेन के शोधकर्ताओं ने 11 से 16 साल की उम्र के 700 किशोरों पर अध्ययन किया। प्रतिभागियों को छह महीने तक रोजाना 30 ग्राम अखरोट खाने के लिए कहा गया। अध्ययन में कम से कम 100 दिनों तक अखरोट खाने वाले किशोरों में ध्यान केंद्रित करने की क्षमता से जुड़े सकारात्मक बदलाव देखे गए। हालांकि, इससे यह साबित नहीं होता कि अखरोट अकेले याददाश्त बढ़ा सकता है या किसी बीमारी का इलाज कर सकता है।
बादाम दिमाग के लिए कैसे फायदेमंद है?
बादाम में विटामिन ई, मैग्नीशियम, प्रोटीन और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। विटामिन ई कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में मदद करता है। वहीं, मैग्नीशियम तंत्रिका तंत्र के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है।
- बादाम में मौजूद असंतृप्त वसा भी संतुलित आहार का हिस्सा हो सकती है। हालांकि, बादाम खाने से याददाश्त बढ़ने की गारंटी नहीं है। इसके फायदे संपूर्ण आहार और जीवनशैली के साथ समझना जरूरी है।
अखरोट या बादाम, कौन ज्यादा फायदेमंद है?
- अखरोट: ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है।
- बादाम: विटामिन ई, मैग्नीशियम, प्रोटीन और फाइबर देता है।
इसलिए किसी एक को हर व्यक्ति के लिए बेहतर नहीं कहा जा सकता। ओमेगा-3 के पौधों से मिलने वाले स्रोत के लिए अखरोट अच्छा विकल्प है, जबकि विटामिन ई और मैग्नीशियम के लिए बादाम उपयोगी है। दोनों को संतुलित मात्रा में खाया जा सकता है।
रोज कितने अखरोट और बादाम खाने चाहिए?
शोधकर्ता मानते हैं कि अखरोट और बादाम दोनों मस्तिष्क के लिए लाभकारी हैं, कौन ज्यादा फायदेमंद है यह व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक स्थिति की जरूरत और जरूरतों पर निर्भर करता है।
अन्य नट्स की तुलना में, अखरोट दो गुना अधिक एंटीऑक्सीडेंट प्रदान करते हैं, जो संज्ञानात्मक गिरावट को कम करने में लाभकारी हैं। दूसरी ओर, बादाम के फायदों में इसमें कैल्शियम, विटामिन ई, मैग्नीशियम और फाइबर की मात्रा अधिक होती है। ये कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने और स्वस्थ वसा प्रदान के लिए फायदेमंद हैं। आहार में इन दोनों को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।