हमारे घरों की किचन को सेहत का खजाना माना जाता है। किचन में इस्तेमाल किए जाने वाले कई सारे मसालों और औषधियों में इतने लाभ छिपे होते हैं, जिससे हम-आप अक्सर अनजान रह जाते हैं। इस लेख में हम हर घर में प्रयोग की जाने वाली काली मिर्च के ऐसे अध्ययन आधारित फायदों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में आपने कभी सोचा भी नहीं होगा। कई अध्ययनों में शोधकर्ताओं ने इसके अद्भुत फायदों का उल्लेख किया है।
आयुर्वेद के लाभ: कैंसर और डायबिटीज में बेहद फायदेमंद है किचन में मौजूद यह औषधि, अध्ययनों में दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
काली मिर्च में मौजूद पिपेरिन नामक प्लांट कंपाउंड इसे एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर बना देता हैं। एंटीऑक्सीडेंट, शरीर को मुक्त कणों से होने वाली क्षति से सुरक्षा देने में सहायक होते हैं। यही कारण है कि काली मिर्च को सूजन संबंधी बीमारियों, हृदय रोग और कुछ प्रकार के कैंसर में बेहद लाभदायक माना जाता है। एक अध्ययन के रिव्यू में पाया गया कि काली मिर्च का सेवन मुक्त कणों के कारण होने वाली क्षति से संबंधित बीमारियों जैसे एथेरोस्क्लेरोसिस, मधुमेह और कैंसर से सुरक्षा देने में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कैंसर से लड़ने वाले गुण
कई अध्ययनों में साबित हो चुका है कि काली मिर्च में पाया जाने वाला पिपेरिन शरीर को कैंसर से मुकाबले की शक्ति देता है। हालांकि यह दावा प्रयोगशाला अध्ययनों के आधार पर किया जा रहा है, इंसानों पर इसका अध्ययन नहीं किया गया है। मसालों तथा औषधियों के कैंसर के उपचार में उपयोगिता को जानने के लिए की गई एक समीक्षा में शोधकर्ताओं ने बताया कि पिपेरिन, स्तन, प्रोस्टेट और पेट की कैंसर कोशिकाओं की प्रतिकृति को रोक सकता है। इसी तरह एक अन्य अध्ययन में वैज्ञानिकों ने इसे ओस्टियोसारकोमा (एक प्रकार का हड्डी का कैंसर) में भी काफी फायदेमंद पाया है।
डायबिटीज रोगियों के लिए बेहद लाभदायक
साल 2013 में किए गए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि काली मिर्च का सेवन करने से इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार हो सकता है। इसके अलावा काली मिर्च में मौजूद कई अन्य गुण इसे डायबिटीज रोगियों के लिए काफी फायदेमंद बनाते हैं। हालांकि अध्ययन में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या अकेले पिपेरिन, इंसुलिन संवेदनशीलता को ठीक करने में सहायक हो सकता है? आयुर्वेद में भी मधुमेह रोगियों को रोजाना काली मिर्च के सेवन की सलाह दी जाती है।
मस्तिष्क के लिए फायदेमंद
जानवरों पर हुए कई अध्ययनों से पता चलता है कि पिपेरिन, मस्तिष्क के कार्यों में सुधार कर सकता है। विशेषकर अल्जाइमर रोग जैसी मस्तिष्क से संबंधित बीमारियों में काली मिर्च काफी फायदेमंद औषधि हो सकती है। चूहों पर किए गए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया है कि पिपेरिन, अल्जाइमर से ग्रसित चूहों की याददाश्त को सुधारने में मदद कर सकती है। हालांकि इंसानों में इसके लाभ को जानने के लिए और अधिक अध्ययन की आवश्यकता है।
--------------
स्रोत और संदर्भ:
What are the health benefits of black pepper
अस्वीकरण नोट: यह लेख मेडिकल न्यूज टुडे में छपी रिपोर्ट के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।