कोरोना संक्रमण के इस दौर में जिस एक चीज पर लोगों को विशेष ध्यान देने की सलाह दी जा रही है, वह है शरीर की मजबूत इम्युनिटी। अध्ययनों से पता चलता है कि जिन लोगों की इम्युनिटी मजबूत होती है, उनमें न सिर्फ कोरोना, बल्कि अन्य कई तरह के संक्रमण का जोखिम भी कम होता है। पिछले दो साल से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने को लेकर हम तमाम तरह के उपाय करते आ रहे हैं, काढ़े के सेवन से लेकर नियमित व्यायाम तक। पर अगर कोई आपसे कहे कि सोते-सोते भी शरीर का इम्युनिटी को बढ़ा सकते हैं, तो क्या आप इस बात पर विश्वास कर पाएंगे?
सेहत की बात: 'सोते-सोते' भी बढ़ा सकते हैं शरीर की इम्युनिटी, इन बातों को भी ध्यान में रखना जरूरी
इम्युनिटी के लिए जरूरी है अच्छी नींद
कई अध्ययनों में रात की अच्छी नींद को मजबूत इम्युनिटी के लिए आवश्यक बताया गया है। जर्मनी के शोधकर्ताओं ने एक अध्ययन में पाया कि अच्छी नींद टी सेल्स प्रतिरक्षा कोशिकाओं में सुधार करती है, जोकि इम्युनिटी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। टी कोशिकाएं वे प्रतिरक्षा कोशिकाएं हैं जो इंट्रासेल्युलर रोगजनकों से लड़ती हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि अच्छी नींद लेने से टी कोशिकाओं की संख्या में इजाफा होता है, जिससे संक्रमण की स्थिति में शरीर रोगजनकों से आसानी से मुकाबला कर सकता है। वयस्कों को रोजाना रात में 7-9 घंटे की अच्छी नींद जरूर लेनी चाहिए।
आहार की महत्वपूर्ण भूमिका
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इम्युनिटी को मजबूती देने के लिए अच्छी नींद के साथ-साथ स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन करना भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके लिए भोजन में हरी सब्जियां, फल, फलियां, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन और स्वस्थ वसा को जरूर शामिल करें। आहार में विटामिन सी-डी, आयरन, फाइबर, प्रोटीन और अन्य खनिजों से युक्त चीजों को शामिल करके प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाया जा सकता है। ज्यादा तले-भुने और प्रोसेस्ड चीजों के सेवन से परहेज किया जाना चाहिए।
शारीरिक रूप से रहें एक्टिव
शारीरिक रूप से एक्टिव रहना भी शरीर की इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए आवश्यक माना जाता है। इसके लिए नियमित रूप से व्यायाम या योगासनों को जीवनशैली में शामिल किया जा सकता है। नियमित व्यायाम, प्रतिरक्षा समारोह में सुधार करने के साथ रक्त परिसंचरण को बढ़ाने में मददगार हो सकते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि रोजाना कम से कम 30 मिनट के मध्यम स्तरीय व्यायाम करने से प्रतिरक्षा प्रणाली को उत्तेजित करने में मदद मिलती है।
तनाव-चिंता को कम करें
तमाम तरह के उपायों के साथ इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखना भी आवश्यक माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि अधिक तनाव-चिंता करने वाले लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली अन्य लोगों की तुलना में कमजोर हो सकती है। अधिक तनाव की स्थिति में शरीर में कुछ ऐसे हार्मोन का स्राव होता है जो इम्युनिटी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यही कारण है कि सभी लोगों को तनाव को प्रतिबंधित करने के उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।