इलेक्ट्रोलाइट्स, विटामिन और खनिजों से भरपूर नारियल पानी का सेवन पिछले कुछ वर्षों में लोगों की खासा पसंद बन गया है। पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा से लेकर आधुनिक विज्ञान में भी इससे होने वाले तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ का जिक्र मिलता है।आयुर्वेद के अनुसार नारियल का पानी पाचन और पेशाब की समस्याओं को कम करने के साथ वीर्य उत्पादन को बढ़ावा देने में सहायक हो सकती है। इसके अलावा शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रखने में इससे बेहतर और क्या विकल्प हो सकता है?
विशेषज्ञों की सलाह: इन रोगों में बेहद फायदेमंद है नारियल पानी का सेवन, गंभीर समस्याएं हो सकती हैं आसानी से ठीक
पोषक तत्वों से भरपूर है नारियल पानी
नारियल पानी में 94 फीसदी पानी और बहुत कम फैट होता है। इसके अलावा इसके सेवन से शरीर के लिए आवश्यक कई प्रकार के पोषक तत्वों की आसानी से प्राप्ति की जा सकती है। फूड डाटा सेंट्रल के मुताबिक एक कप (240 मिली) नारियल पानी में 60 कैलोरी होती है। इसके अलावा इससे कार्ब्स (15 ग्राम), शुगर (8 ग्राम), कैल्शियम (दैनिक आवश्यकताओं का 4 प्रतिशत), मैग्नीशियम (दैनिक आवश्यकताओं का 4 प्रतिशत), फास्फोरस (दैनिक आवश्यकताओं का 2 प्रतिशत) और पोटेशियम (दैनिक आवश्यकताओं का 15 प्रतिशत) प्राप्त किया जा सकता है। यह सभी शरीर के लिए बेहद आवश्यक होते हैं।
फ्री रेडिकल्स को कम करने में सहायक
नारियल पानी में एंटीऑक्सिडेंट की अच्छी मात्रा पाई जाती है जो शरीर में फ्री रेडिकल्स को कम करने में सहायक होते हैं। फ्री रेडिकल्स, ऑक्सीडेटिव तनाव की समस्या को बढ़ा देते हैं जिससे कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है और कई प्रकार के रोगों का जोखिम बढ़ जाता है। इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। शरीर में फ्री रेडिकल्स कई प्रकार के गंभीर संक्रमण का भी कारण बन सकते हैं।
डायबिटीज रोगियों के लिए भी फायदेमंद
अध्ययनों से पता चलता है कि नारियल पानी का सेवन ब्लड कैंसर के स्तर को कम करने में सहायक हो सकता है। साल 2015 में चूहों पर किए गए एक अध्ययन में इसके लाभ देखने को मिले। वैज्ञानिकों ने पाया कि मधुमेह वाले चूहों में नारियल पानी, शुगर के स्तर को नियंत्रित रखने में सहायक हो सकता है। इसके अलावा नारियल पानी को मैग्नीशियम का एक अच्छा स्रोत माना जाता है जो इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ा सकता है।
हृदय रोगों में फायदेमंद है नारियल पानी की सेवन
नारियल पानी पीने से हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। साल 2005 के एक अध्ययन से पता चलता है कि उच्च रक्तचाप से पीड़ित व्यक्तियों में रक्तचाप को कम करने के लिए नारियल पानी फायदेमंद हो सकता है। उच्च रक्तचाप के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा नारियल पानी में पोटेशियम की उपस्थिति भी इसे हृदय रोगों के लिए काफी फायदेमंद बना देती है।
-------------
स्रोत और संदर्भ:
Science-Based Health Benefits of Coconut Water
अस्वीकरण नोट: यह लेख तमाम मेडिकल वेबसाइट्स से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।