लक्ष्मी कुमारी
Diwali Cleaning Tips: वर्किंग कपल्स ऐसे करें दिवाली पर स्मार्ट क्लीनिंग, बिना छुट्टी कम वक्त में होगा काम
आप दोनों कामकाजी हैं। आप पर ढेर सारी जिम्मेदारियां और काम हैं। त्योहारों से पहले घर की साफ-सफाई की टेंशन आपको सता रही है। ऐसे में योजना बनाकर और कुछ स्मार्ट तरीके अपनाकर आप इस काम को आसानी से पूरा कर सकती हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैसे करें प्लानिंग?
दीपावली की साफ-सफाई को यदि आप एक बड़ा टास्क मानती हैं तो इसे पूरा करने के लिए योजना बनानी जरूरी है। योजना बनाकर ही आप घर की साफ-सफाई को आसानी से कर पाएंगी। क्या-क्या करना है, कब-कब करना है, कैसे करना है, कितना समय लगेगा, कौन क्या करेगा, इन सवालों के जवाब ही आपकी योजना को आधी सफलता दिला देंगे। कामकाजी युगल वीकेंड पर योजना बनाकर दीपावली के लिए घर की सफाई आसानी से कर सकते हैं। कुछ स्मार्ट प्लानिंग, छोटे-छोटे लक्ष्य और टीमवर्क के जरिए सफाई बोझ नहीं लगेगी और घर त्योहार के लिए तैयार हो जाएगा।
सबसे पहले पूरे घर की सफाई के लिए सूची बना लें- किचन, बेडरूम, स्टोर रूम, बाथरूम, बालकनी, ड्रॉइंग रूम आदि। साफ करने वाले हिस्सों को छोटे टास्क में बांटें और सप्ताह के वीकेंड पर बड़े काम, जैसे- कारपेट, फर्नीचर और स्टोर की डीप क्लीनिंग रखें। रोजाना 30-40 मिनट वर्क-डे पर छोटी-छोटी जगहें साफ करें, जैसे- अलमारियां, दरवाजे या परदे। काम के हिस्से और प्राथमिकता के अनुसार सबसे ज्यादा गंदगी वाले क्षेत्रों की पहचान करें, जैसे कि रसोई, बाथरूम, स्टोर रूम। इनके लिए समय की योजना अलग से बनाएं, क्योंकि यहां पर समय अधिक लगेगा। जब समय हो, तभी यहां पर सफाई शुरू करें।
घर में टीम बनाएं
जब काम की सूची बन जाए तो अपनी योजना को लागू करने के लिए आपको एक टीम की जरूरत पड़ेगी। अब आप सोचेंगी कि घर में ऐसी टीम कहां से आएगी? बच्चे हैं और बूढ़े माता-पिता। बिल्कुल इन्हीं से टीम बनेगी। बच्चों को छोटे-छोटे और उनके पसंद के कामों में लगाएं, बुजुर्गों को देखभाल के लिए रख सकती हैं और आप दोनों अपनी-अपनी क्षमतानुसार उन कार्यों को बांट सकते हैं। घर में नौकरानी है तो उसे भी साथ में लगाएं और रोजाना किसी न किसी टीम में उसे काम दें।
वीकेंड पर परिवार या साथी के साथ मिलकर टीमवर्क करें। बच्चों को खिलौनों, किताबों की सफाई में शामिल करें। बेकार या अनावश्यक सामान अलग रखें। उन्हें किसी जरूरतमंद को दान करें या बेच दें। वीकेंड पर सफाई के लिए टूल्स, जैसे- वैक्यूम क्लीनर, डस्टर, ग्लव्स, क्लीनिंग स्प्रे तैयार रखें। दीवार, फर्नीचर, परदों, कालीनों और किचन की कैबिनेट्स की डीप क्लीनिंग करें। एक साथ पूरे घर में सफाई फैलाने के बजाय एक कमरे या हिस्से की डीप क्लीनिंग करें। किचन, बाथरूम में टाइल्स और प्लेटफॉर्म के लिए ब्लीचिंग पाउडर या बेकिंग सोडा, विनेगर का इस्तेमाल करें।
समय को ब्लॉक में बांटें
इसको टाइम ब्लॉकिंग कहते हैं। टाइम ब्लॉकिंग मतलब दिन को छोटे-छोटे समय के हिस्सों में बांटना और हर ब्लॉक में एक निश्चित काम करना। टाइम ब्लॉकिंग शेड्यूल बनाने के लिए सबसे पहले दोनों साथ बैठकर प्राथमिकताएं तय करें, चाहे ऑफिस वर्क हो, घर के काम या साथ वक्त बिताना। सभी जरूरी कामों की सूची बनाएं और उन्हें उनकी अहमियत और जरूरत के हिसाब से क्रम दें।
इस तरह टाइम ब्लॉक के अनुसार पूरा शेड्यूल बना लें और इस शेड्यूल में कौन-कौन से काम करने हैं, इसे भी तय कर लें। दिन को एक-दो घंटे के टाइम ब्लॉक में बांटें, जैसे सुबह को ऑफिस वर्क/प्रोजेक्ट्स, दोपहर को मीटिंग/ई-मेल्स, शाम को घर का काम/फैमिली टाइम। हर ब्लॉक के लिए अलार्म सेट करें, ताकि समय पर काम शुरू और खत्म हो सके। शेड्यूल बनाने के लिए आप गूगल कैलेंडर, पेपर प्लानर या कोई शेड्यूलिंग एप इस्तेमाल कर सकती हैं। एप ऐसा हो, जिसमें दोनों अपडेट देख सकें। समय-समय पर दोनों बैठकर शेड्यूल रिव्यू करें और जरूरत के हिसाब से बदलाव करें।
सफाई को बोझ न समझें
पहली नजर में सफाई बोझ लगती है। एक ऐसा बोझ, जो कम समय में अधिक से अधिक उठाना है। इसलिए अगर घर की साफ-सफाई हंसते-खेलते करनी है तो इसको बोझ न समझें। इसके लिए साफ-सफाई करते समय आप अपनी पसंद के गीत-संगीत का आनंद लें। सफाई के दौरान पसंदीदा संगीत सुनें, टाइमर सेट करें और खुद को मोटिवेट रखें। थकावट से बचने के लिए सफाई का पूरा बोझ एक दिन में न लें, बल्कि दो-तीन वीकेंड में अलग-अलग टास्क निपटाएं।
अगर समय बहुत कम है या काम ज्यादा लग रहा है तो कभी-कभी डीप क्लीनिंग के लिए प्रोफेशनल सर्विस का विकल्प भी चुन सकते हैं। काम पूरा होने पर खुद को या परिवार को छोटे रिवॉर्ड दें, जैसे कि पसंदीदा स्नैक या साथ मूवी देखना। इससे पूरे घर में सकारात्मक ऊर्जा रहेगी और त्योहार के दिन आपका घर चमकता दिखाई देगा। इस तरह थोड़ी प्लानिंग, नियमित छोटे-छोटे टास्क और टीमवर्क के जरिये कामकाजी होते हुए आप वीकेंड पर आराम से बिना थकान और बोझ के त्योहारों के लिए घर को सुंदर और साफ बना सकती हैं।