क्षितिज में डूबता सूरज हो या अटखेलियां करते बच्चे, तस्वीरें मन मोह लेती हैं। वो तस्वीरें ही होती हैं जो एक कहानी बयां कर जाती हैं या पुरानी यादों का दरवाजा खोल देती हैं। आजकल डिजीटल कैमरे के अधिकतर फीचर स्मार्टफोन में मौजूद हैं। तस्वारें खींचना भी एक हुनर है जिसमें निरंतर प्रयास से आप भी पारंगत हो सकते हैं। यूं तो फोटोग्राफी की कोई बड़ी नियमावली नहीं है, लेकिन कुछ चीजों का ध्यान रखकर आप भी अपने शौक को नए आयाम दे सकते हैं। अगली स्लाइड्स से जानिए मोबाइल फोटोग्राफी से जुड़े कुछ खास टिप्स।
अच्छी मोबाइल फोटोग्राफी करने के लिए अपनाएं ये खास तरीके, तस्वीरें दिखने लगेगी एकदम प्रोफेशनल
विषय की जगह करें सुनिश्चित
अपनी तस्वीर में विषय को सही जगह पर रखने के लिए रूल ऑफ थर्ड्स यानी तिहाई का नियम होता है। अपनी स्क्रीन में 2 सीधी और दो आड़ी रेखाओं की कल्पना करें। इससे स्क्रीन पर 9 वर्ग बन जाएंगे। जहां रेखाएं एक दूसरे को काट रही हैं या उन रेखाओं के समानांतर अपनी तस्वीर के विषय को रखें। यही है तिहाई का नियम। कुछ स्मार्टफोन में ग्रिड का ऑप्शन मौजूद होता है जिससे आप अपनी तस्वीर को संतुलन और नयापन दे सकते हैं।
अपने सब्जैक्ट पर करें फोकस
फोन कैमरा में एक बार टैप करने पर वह फोकस करता है। अपने सब्जैक्ट को चुन लेने के बाद उसे फोकस में रखें। अधिकतर स्मार्टफोन में फोकस के साथ ही एक्सपोज़र (तस्वीर में कितनी रौशनी की जरूरत है) का ऑप्शन भी होता है। उससे आप रौशनी को कम ज़्यादा कर सकते हैं। एचडीआर मोड ( हाई डायनैमिक रेंज) का उपयोग करने से तस्वीर में रंगों का समन्वय और डिटेलिंग बढ़ जाती है।
सही समय का चुनाव
सूर्योदय के ठीक बाद और सूर्यास्त के पहले के समय को गोल्डन आर (स्वर्णिम समय) कहते हैं। इस समय सूरज की रौशनी लालिमा लिए रहती है और तेज भी नहीं रहती। फोटोग्राफी के लिए यह बेहद उपयुक्त समय माना जाता है। तस्वीर प्राकृतिक प्रकाश में ही खींचें, फ्लैश का उपयोग केवल जरूरत पड़ने पर ही करें।
तस्वीर में हो नयापन
पानी में प्रतिबिम्ब या परछाई की तस्वीर लें। कई अलग-अलग कोणों से तस्वीर लेने पर उसके रंग और एक्सपोजर में अंतर आ जाता है। एक तस्वीर कम से कम दो बार लें क्योंकि कई बार हाथ हिल जाने फोटो धुंधला जाती है या विषय के हिल जाने पर भी बिगड़ जाती है। फिल्टर का इस्तेमाल कम करें। तस्वीर को प्राकृतिक रूप से खींचने पर बाद में उसमें एडिटिंग करने की गुंजाइश बनी रहती है।