एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार को कोझिकोड हवाईअड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो पायलटों सहित 18 लोग मारे गए। दुबई से आया बोइंग 737-800 विमान भारी बारिश में रनवे से फिसल गया और दो खंड हो गया। दुर्घटनाग्रस्त विमान एयर इंडिया एक्सप्रेस का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। इससे इस बात का पता लगाने में मदद मिल सकती है कि विमान हवाईअड्डे से कैसे फिसला।
Kozhikode Crash: 35 फीट गहरी खाई में गिरकर एयर इंडिया विमान के हुए दो टुकड़े, देखिए हादसे की भयावह तस्वीरें
कैसे हुआ था हादसा:
दुबई से 190 यात्रियों को लेकर आ रहा एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार शाम सात बजकर 40 मिनट पर भारी बारिश के बीच कोझिकोड हवाईअड्डे पर उतरने के दौरान हवाईपट्टी से फिसलकर 35 फुट गहरी खाई में जा गिरा और उसके दो टुकड़े हो गए।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और विमानन कंपनी एवं विमानन नियामक डीजीसीए के शीर्ष अधिकारी यहां पहुंच रहे हे। नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी विमान दुर्घटना के बाद की स्थिति एवं राहत कार्यों का जायजा लेने कोझिकोड पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह 'नागर विमानन के वरिष्ठ अधिकारियों और पेशेवरों' के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
विमान के डीएफडीआर और सीवीआर मिले:
पुरी ने ट्वीट किया, 'दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) बरामद कर लिया गया है। एएआईबी (विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो) मामले की जांच कर रहा है।'
डीजीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि ये उपकरण (डीएफडीआर और सीवीआर) विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो के पास हैं और इन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली भेजा जाएगा।
मुआवजे का एलान:
पुरी ने हादसे में मारे गए लोगों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की अंतरिम राहत दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह मुआवजा उस राशि के अलावा दिया जाएगा, जो विभिन्न एजेंसियों, विमान के बीमा इत्यादि से मिल सकती है।
मंत्री ने कहा, ‘हवाईअड्डा प्राधिकरण, डीजीसीए, एएआईबी और अन्य सभी एजेंसियां सहयोग कर रही हैं। दो ब्लैक बॉक्स मिल गए हैं।’