मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की तरफ से गोलघर स्थित विनस मॉल में प्रदेश स्तर के विशाल रोजगार मेले को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कॉलेज के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग उत्तर प्रदेश, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार, नेशनल कैरियर सर्विस, और मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की तरफ कॉलेज परिसर में ही प्रदेश स्तर का विशाल रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।
पुनीत अग्रवाल ने आगे बताया कि 8 फरवरी से लगने वाले रोजगार मेले में 80 से अधिक नेशनल एवं मल्टीनेशनल कंपनियां शामिल होंगी। बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए लगभग 2500 से अधिक पद खाली हैं। इसमें हाई स्कूल, इंटर, सभी डिप्लोमा, आईटीआई, बीटेक, स्नातक, परास्नातक और सभी ग्रेजुएट अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकेंगे। रोजगार मेला अभ्यर्थियों के लिए पूरी तरह निशुल्क है। बेरोजगार अभ्यर्थी बिना किसी शुल्क के रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
गोरखपुर जिले में सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत छात्र रोजगार मेले हेतु ऑनलाइन आवेदन भी करा सकते हैं और जो छात्र सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत नहीं है, वे छात्र सीधे www.mitmeerut.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। या फिर सीधे 8 तारीख को मेरठ स्थित कॉलेज पहुंच भी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन करने के लिए कंपनियों के एचआर अधिकारियों के अलावा तकनीकी अधिकारी भी रोजगार मेले में उपस्थित रहेगें।
चयनित छात्रों को रोजगार मेले में ही ऑफर लेटर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को 5 रिज्यूम, 5 पासपोर्ट साईज टो, सेवायोजन पंजीयन कार्ड, कॉलेज आईडी और मूल प्रमाण पत्र फोटो कापी भी साथ लाना होना। प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी ने बताया कि पिछले साल 2019 में दो हजार से अधिक बेरोजगारों को रोजगार दिया है। इस दौरान प्रोफेसर गजेंद्र सिंह, विजय कुमार शर्मा, प्रोफेसर सूर्या समेत अन्य लोग मौजूद रहे।