वो दिन गए जब केवल रॉकस्टार्स और बाइकर्स टैटू बनवाते थे। अब तो टैटू सामान्य से सामान्य इंसान के भी सिर चढ़कर बोल रहा है। अगर आपके मन में भी टैटू बनवाने का आइडिया आया है तो मन मसोसकर ही न रह जाएं बल्कि बनवा ही डालिए टैटू लेकिन जरा इन बातों का खास ध्यान भी रखें
टैटू बनवाने का सबसे बड़ा रूल तो यही है कि सस्ते के चक्कर में न पड़ें क्योंकि सस्ता टैटू आपके लिए महंगा साबित हो सकता है। अगर आपने टैटू बनवाने का मन बना ही लिया है तो सस्ते और अनहाइजिनिक जगह पर भूलकर भी न जाएं।
इस बात का ध्यान रखें कि टैटू बनाने के लिए नई सुईयों का इस्तेमाल हो क्योंकि पुरानी सुईयों से कई गंभीर रोगों के होने का खतरा बढ़ जाता है। इससे टीटनेस, हेपेटाइटिस बी और सी जैसी बीमारियां तो हो ही सकती हैं इसके अलावा इससे एड्स जैसा गंभीर रोग भी हो सकता है। इसके अलावा टैटू कलर भी अच्छी क्वालिटी का होना चाहिए।
टैटू करवाने से पहले शराब पीकर न जाएं। शराब आपके खून को पतला कर देता है जिससे टैटू करवाने के दौरान ब्लीडिंग जैसी समस्याएं हो सकता हैं। इससे त्वचा पर घाव जैसी समस्याएं भी देखने को मिलती हैं।
टैटू करवाने के बाद त्वचा की उचित देखभाल की भी जरुरत होती है। इस दौरान त्वचा की देखभाल न करने से इंफेक्शन हो सकता है जो आपके लिए जिंदगीभर की मुसीबत बन सकता है। टैटू बनवाने के बाद त्वचा के नॉर्मल होने में 2 हफ्ते लग जाते हैं। टैटू के बाद त्वचा को खुजलाने से बचें। अगर आप जिम जाते हैं तो भी इस बात का खास ख्याल रखें कि टैटू वाले जगह पर गलती से भी कोई चोट न लगे।