'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में डॉ. हाथी का किरदार निभाकर फेमस हुए कवि कुमार आजाद हमारे बीच नहीं हैं लेकिन फैंस के दिल में उनकी याद हमेशा रहेगी। डॉ. हाथी एक लोकप्रिय कवि थे और कई साल से इस शो से जुड़े हुए थे। शो की पूरी स्टार कास्ट डॉ. हाथी के यूं अचानक चले जाने से दु:खी है। अब दर्शकों को इंतजार है कि शो में डॉ. हाथी की जगह कौन लेगा या फिर अब डॉ. हाथी का किरदार होगा भी या नहीं।
हाल ही में खबर आई कि शो में नए डॉक्टर हाथी की एंट्री होगी। शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने पिछले दिनों बताया था कि डॉ. हाथी का किरदार अभी भी शो का हिस्सा रहेगा और दूसरे डॉक्टर हाथी की तलाश की जा रही है। इस बीच खबर आई कि तारक मेहता शो से ही डॉ. की रोजी रोटी चलती थी।
'तारक मेहता' के इस किरदार ने डॉक्टर हाथी को जितनी शोहरत दिलाई उससे ज्यादा दौलत भी। टाइम्स नाउ की खबर के मुताबिक कवि एक दिन की शूटिंग के 25 हजार रुपए फीस लेते थे। हर दिन के इस कॉन्ट्रैक्ट के हिसाब से हाथी साहब एक महीने में करीब 7 लाख रुपए कमा लेते थे।
बता दें साल 2010 में कवि कुमार आजाद उर्फ डॉ. हाथी ने अपना 80 किलो वजन सर्जरी से कम किया था। पहले वह लगभग 200 किलो के थे। इस सर्जरी के बाद उन्हें रोजाना की जिंदगी में काफी आसानी हो गई थी। खबर आई थी कि डॉ. हाथी अपना वजन कम करने से घबराते थे क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं ये शो उनसे न छिन जाए।
डॉ. हाथी बॉलीवुड में भी काम कर चुके हैं। साल 2000 में आई आमिर खान की फिल्म 'मेला' में वो नजर आए थे। इसके अलावा डॉ. हाथी ने परेश रावल के साथ 'फंटूश' जैसी फिल्मों में भी काम किया था।