आपको शायद ये पढ़कर यकीन नहीं होगा कि अमिताभ बच्चन के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ जैसा महंगा टीवी शो बनाने वाला सोनी चैनल टीआरपी की रेस में कहीं नहीं है। यही नहीं, देश में सैटेलाइट चैनलों की शुरुआत करने वाला जी टीवी भी टीआरपी की रेस में पिछड़ चुका है। इस हिंदी चैनल से ज्यादा टीआरपी उसके तेलुगु और कन्नड़ चैनलों की आ रही है। देश में टीवी चैनलों की टीआरपी और साप्ताहिक एएमए (एवरेज मिनट ऑडियंस) के आंकड़े जारी करने का जिम्मा बार्क इंडिया ने लंबे अरसे से उठा रखा है। लेकिन, इसकी वेबसाइट पर अभी 42वें हफ्ते के ही आंकड़े उपलब्ध हैं। वहीं, वेबसाइट देखने से ये भी पता चलता है कि देश का नंबर वन चैनल इन दिनों दंगल टीवी है।
Channel No. 1: टीआरपी के खेल में बिग बी पूरी तरह फेल, सोनी या स्टार प्लस नहीं ये है देश का नंबर वन टीवी चैनल
दो साल से ऊपर आयु के जितने भी लोग देश में टेलीविजन देखते हैं, उनकी संख्या बार्क इंडिया ही हर हफ्ते इकट्ठा करता है। बार्क के मुताबिक वह हर हफ्ते करीब एक लाख 80 हजार घरों से टीवी डाटा के सैम्पल इकट्ठा करता है। देश की आधी से ज्यादा आबादी अब भी नियमित टेलीविजन देखती है और इनके रुझानों का अध्ययन करके बार्क इंडिया हर हफ्ते एक टीआरपी सूची जारी करता है जिसके हिसाब से सैटेलाइट चैनल अपने विज्ञापनों की दरें तय करते हैं। वैसे, ये कंपनी अपने डाटा को लेकर कितनी सजग है, इसकी एक बानगी इसके अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के बारे में वेबसाइट पर दी गई सूचना है, जिसमें एन पी सिंह को अब भी सोनी चैनल चलाने वाली कंपनी मल्टीस्क्रीन मीडिया का सीईओ बताया गया है।
मल्टीस्क्रीन मीडिया कंपनी कब की बंद हो चुकी है। इसका मतलब ये है कि इसके पैनल की तरफ लंबे अरसे से किसी का ध्यान ही नहीं गया है। ऐसा ही कुछ इसके 42वें सप्ताह की टीआरपी को देखने से भी पता चलता है। एवरेज मिनट ऑडियंस के हिसाब से देखें तो इस हफ्ते दंगल चैनल देश का नंबर वन चैनल रहा है। और, इसी अवधि में स्टार प्लस देखने वालों की संख्या इसके आधे के करीब है। 12 अक्तूबर से 18 अक्तूबर 2024 के बीच देश में दो साल से ऊपर के दर्शकों ने सबसे ज्यादा दंगल टीवी ही देखा।
42वें हफ्ते की एएमए के मुताबिक देश में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले 10 टीवी चैनल इस प्रकार हैं:
रैंक
चैनल का नाम
साप्ताहिक एएमए (हजार में) औसत
1.
दंगल
2627.08
2.
स्टार प्लस
2468.54
3.
स्टार मां
2390.91
4.
सन टीवी
2306.42
5.
सोनी सब
1915.36
6.
कलर्स
1690.45
7.
जी तेलुगु
1626.76
8.
स्टार प्रवाह
1595.94
9.
गोल्डमाइंस
1575.28
10.
जी कन्नड़
1485.27
वहीं अगर सिर्फ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की बात करें तो इसी अवधि में कलर्स टीवी टॉप फाइव चैनलों में जगह बनाने में कामयाब रहा। नंबर वन यहां भी दंगल टीवी ही है। सोनी और जी टीवी यहां भी कंपटीशन में नहीं हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 42वें हफ्ते में सबसे ज्यादा देखे गए टीवी चैनलों की सूची इस प्रकार है:
रैंक
चैनल का नाम
साप्ताहिक एएमए (हजार में) औसत
1.
दंगल
545.93
2.
स्टार प्लस
303.52
3.
कलर्स
235.47
4.
गोल्डमाइंस
200.79
5.
स्टार उत्सव मूवीज
181.16