देश में कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के खत्म होने के बाद टीवी के कई धारावाहिक बंद हो चुके हैं। कुछ धारावाहिक तो ऐसे रहे जिनकी शुरुआत ही लॉकडाउन खत्म होने के बाद हुई लेकिन दो से तीन महीने चलने के बाद निर्माताओं को इनपर ताला लगाना पड़ा। कोरोना महामारी से पैदा हुई इस मुश्किल घड़ी में जिस तरह सबकी परेशानी अलग अलग हैं, उसी तरह शोज के बंद होने का कारण भी निर्माताओं के पास अलग अलग है। आइए जानते हैं कि लॉकडाउन के बाद किन कारणों से किस धारावाहिक ने टीवी पर दम तोड़ा?
इन 10 टीवी धारावाहिकों को बंद करने का आया फरमान, देखिए कहीं आपका पसंदीदा सीरियल तो लिस्ट में नहीं
शुभारंभ
सबसे पहले बात करते हैं धारावाहिक 'शुभारंभ' की। क्योंकि, यही शो है जिसके बंद होने की घंटी हाल में ही बजी है। इस धारावाहिक की शुरुआत पिछले साल दिसंबर के महीने में हुई थी। धारावाहिक के मुख्य कलाकारों ने इसके अंतिम एपिसोड की शूटिंग पिछले शनिवार को ही की है। धारावाहिक में मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री महिमा मकवाना ने बताया कि बहुत ही जल्द यह शो बंद होने वाला है।
अकबर का बल… बीरबल
लॉकडाउन के खत्म होने के बाद अगस्त के अंत में ही शुरू हुए धारावाहिक 'अकबर का बल… बीरबल' के कलाकारों ने भी साफ कर दिया है कि यह शो नवंबर के महीने में ही बंद हो जाएगा। इस शो के बंद होने का कारण शो को मिली खराब टीआरपी है। शो में ताराबाई का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री चारू असोपा ने कहा है कि उन्हें इस शो के बंद होने की जानकारी कुछ दिनों पहले ही मिली थी। शो को शुरू हुए ठीक से दो महीने भी पूरे नहीं हो पाए लेकिन दर्शकों ने शो के विचार को सिरे से नकार दिया।
गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान
कॉमेडी पर आधारित शो 'गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान' की शुरुआत भी इसी साल अगस्त में ही हुई थी और 24 अक्तूबर को इसकी शूटिंग खत्म भी हो गई। इस शो की निर्माता प्रीति सिमोस ने बताया कि इस शो का कॉन्ट्रैक्ट इतने ही दिनों का था इसलिए न तो कलाकारों को और न ही निर्माताओं को इसके बंद होने का कोई अफसोस है। प्रीति ने कहा, 'हमने चैनल के साथ 50 एपिसोड का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। इसमें सुनील ग्रोवर और सुगंधा मिश्रा के साथ तारीखों की भी दिक्कतें आ रही थीं। ये दोनों कलाकार अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में भी व्यस्त हैं। टीआरपी से भी बड़े कई और मुद्दे हैं जिसकी वजह से यह शो बंद हुआ है।'
कहत हनुमान जय श्री राम
पौराणिक कथाओं पर आधारित धारावाहिक 'कहत हनुमान जय श्री राम' भी अंतिम बार 9 अक्तूबर को ही टीवी पर प्रसारित हुआ था। इस शो की शुरुआत भी इसी साल जनवरी में ही हुई लेकिन लीपापोती करके बनाए गए इस धारावाहिक को दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया। गिरी हुई टीआरपी की वजह से यह धारावाहिक इतनी जल्दी बंद हो गया। शो में बजरंग बली की माता अंजना का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री स्नेहा वाघ ने सितंबर के महीने में ही बता दिया था कि यह शो 9 अक्तूबर को बंद हो जाएगा।