टीवी शो 'क्या हाल मिस्टर पांचाल' के एक्टर राहुल सिंह ने इस शो में 75 अलग-अलग किरदार निभा कर रिकॉर्ड सेट किया है। अपनी इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा, ' अभी तक मैंने शो में 75 किरदार निभाए हैं और सभी मेरे दिल के करीब हैं।'
राहुल सिंह ने कहा, 'एक एक्टर को अलग-अलग किरदारों को निभाने में सालों गुजर जाते हैं। मगर मेरे लिए यह एक ही शो में मुमकिन हो गया।' राहुल सिंह ने बताया कि स्टार भारत पर प्रसारित होने वाले सिटकॉम 'क्या हाल मिस्टर पांचाल' में 'भोलेनाथ', 'पोस्टमैन', 'हिंगराज बाबा' का किरदार निभाने में उन्हें सबसे ज्यादा मजा आया।
टीवी शो 'क्या हाल मिस्टर पांचाल' में राहुल घर जमाई प्रताप सिंह का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'कॉमेडी मेरे खून में है। मुझे यह जॉनर समझ आती है। इसलिए, अगर आपमें लगन हो तो अलग-अलग किरदार निभाना आसान हो जाता है।
राहुल सिंह मूल रूप से बिहार के जमुई के रहने वाले हैं। एक्टिंग में करियर बनाने के इरादे से वह मुंबई आए और यही रहकर स्नातक की पढ़ाई पूरी की। नवंबर 2017 में उन्होंने शादी की। वह सीरियल 'रुक जाना नहीं', 'बड़ी दूर से आए हैं' और 'डॉ. भानुमति ऑन ड्यूटी' में भी नजर आ चुके हैं। राहुल सिंह महुआ चैनल के 'लाफ्टर एक्सप्रेस' के विजेता भी रह चुके हैं।
स्टार भारत पर प्रसारित होने वाले शो 'क्या हाल मिस्टर पांचाल' की कहानी 'महाभारत' की 'द्रौपदी' से प्रेरित है। हालांकि, इस शो में एक पुरुष 'पांचाल' का किरदार निभा रहा है जिसकी शादी पांच अलग-अलग गुण वाली महिलाओं से हो जाती है।