सास-बहू ड्रामा के बीच एकता कपूर 17 साल पहले प्रेरणा और अनुराग की ऐसी लव स्टोरी लेकर आई थीं जिसने टीवी की दुनिया का रुख ही पलट दिया था। यह लव स्टोरी न केवल हर घर का हिस्सा बनी बल्कि इनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री इतनी अच्छी थी कि दोनों के अफेयर की खबरें भी आने लगी थीं। 'कसौटी जिंदगी की' सीरियल इतना पॉपुलर हुआ था कि इसका पार्ट 2 भी जल्द आने वाला है। इस बीच सीरियल में मुख्य किरदार निभाने वाले एक्टर्स के रिश्ते का ऐसा सच सामने आया है जिस पर आप बिल्कुल भी यकीन नहीं कर पाएंगे।
'कसौटी जिंदगी की' सीरियल एकता कपूर का सुपरहिट सीरियल माना जाता है। इस सीरियल में मिस्टर बजाज, प्रेरणा और अनुराग अहम भूमिका में थे। इस बीच इस सीरियल से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है जिसके पीछे की वजह सीरियल में प्रेरणा का किरदार निभा रही श्वेता तिवारी हैं।
बॉलीवुड लाइफ की रिपोर्ट के मुताबिक इंटरव्यू के दौरान श्वेता से जब अनुराग का किरदार निभा रहे सिजेन खान से लिंकअप के बारे में पूछा गया था तो वह भड़क उठी थीं। श्वेता ने कहा था- 'मेरे और सिजेन के बीच काफी मतभेद है। मैं सिजेन खान से नफरत करती हूं। लोग मुझसे सिजेन और मेरे अफेयर के बारे में पूछ रहे हैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं कि क्या कभी आपने हम लोगों को साथ देखा है।'
इसके साथ ही श्वेता ने कहा था - 'अगर मैं किसी को पसंद नहीं करती तो उसके साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर सकती। मिस्टर बजाज (रोनिथ रॉय) के साथ मेरा रिश्ता बहुत अच्छा है। यहां तक कि हम लोग पहले एक दूसरे को विश करते हैं और फिर शूटिंग शुरू करते हैं। सिजेन खान के साथ ऐसा नहीं है। मैं उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं करती।'
आपको बता दें, 'कसौटी जिंदगी की' सीरियल साल 2001 में ऑनएयर हुआ था। इस सीरियल में श्वेता और सिजेन खान की जोड़ी काफी फेमस हो गई थी। इस सीरियल का दूसरा सीजन 'कसौटी जिंदगी की 2' जल्द ही शुरू होने वाला है। यहां तक कि इसका प्रोमो भी आ गया है। पार्ट 2 में प्रेरणा का किरदार एरिका फर्नांडीज निभा रही हैं। वहीं ऐसी खबरें आ रही हैं कि अनुराग का किरदार अभिमन्यु चौधरी निभा सकते हैं। जबकि हिना खान कमोलिका का रोल निभाएंगी।