बिग बॉस के घर से निकलते ही कंटेस्टेंट को कई प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लग जाते हैं लेकिन टीवी एक्टर हितेन तेजवानी के साथ ऐसा कुछ हुआ जो चौंकाने वाला है। करीब 18 साल टीवी इंडस्ट्री में गुजारने के बाद भी हितेन के साथ ऐसा होगा उन्होंने खुद भी नहीं सोचा होगा।
दरअसल, हितेन तेजवानी पहली बार एक कॉमेडी शो में नजर आने वाले थे। कुछ ही दिनों में 'नमूने' नाम के इस शो की शूटिंग शुरू होने वाली थी लेकिन उससे पहले ही उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
बॉम्बे टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में हितेन तेजवानी ने बताया कि 'अभी तक मैंने टीवी के एक्टर्स को उनके शो से रिप्लेस किया था लेकिन ऐसा पहली बार है जब मुझे बिना बताए इस तरह हटा दिया गया हालांकि इंडस्ट्री में ऐसी चीजें होती रहती हैं।'
हितेन ने आगे बताया कि 'पहली बार मैं किसी कॉमेडी में काम करने जा रहा था। इस नए प्रोजेक्ट को लेकर मैं काफी एक्साइटेड था लेकिन अब क्या ही कहा जाए। मेरा लुक टेस्ट भी हुआ था जिसमें पास भी हो गया। जैसे ही शूटिंग की तारीख पास आई तो मैंने प्रोडक्शन की टीम से संपर्क किया तो पता चला कि ये रोल किसी और को दे दिया गया है।'
हितेन ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं लोअर मिडिल क्लास की तरह नहीं लगता हूं ऐसा इसलिए किया गया होगा।' जानकारी के मुताबिक हितेन की जगह अब शो में एक्टर कुणाल कुमार होंगे। वहीं हितेन के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही करण जौहर के प्रोडक्शन की फिल्म 'कलंक' की शूटिंग शुरू करेंगे।