बार्क ने इस साल के 31वें हफ्ते की टीआरपी जारी कर दी है। पिछले हफ्ते कौन से रियलिटी शो या सीरियल को दर्शकों ने सबसे ज्यादा पसंद किया, इसका भी खुलासा हो गया है। टीआरपी में कौन सा सीरियल इस वक्त टॉप पर है और किसे टॉप पांच से बाहर निकाल दिया गया है इसका पता भी चल गया है। हर बार पहले नंबर पर आने वाला स्टार प्लस का फेमस डेली सोप ‘अनुपमा’ इस हफ्ते भी पहले पायदान पर ही बना हुआ है। लेकिन रोहित शेट्टी द्वारा होस्ट किए जानें वाली रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 12' को तगड़ा झटका लगा है। तो चलिए जानते हैं इस हफ्ते किन सितारों के टीवी शोज को मिली टीआरपी टॉप-5 लिस्ट में जगह?
TRP Week 31: रोहित शेट्टी के शो 'खतरों के खिलाड़ी 12' को झटका, 'अनुपमा' को टक्कर दे सकता है ये सीरियल
अनुपमा
हर बार की तरह इस बार फिर 'अनुपमा' पहले स्थान पर अपना दबदबा बनाए हुए है। इस हफ्ते भी रुपाली गांगुली अपने अभिनय से दर्शकों को बांधे हुए हैं। कई हफ्तों से लगातार नंबर वन की कुर्सी पर बने हुए शो 'अनुपमा' को इन दिनों अपने जबरदस्त ट्रैक के चलते दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। मेकर्स शो में अनुपमा की जिंदगी में नया तूफान लाने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले हफ्ते रिलीज हुए शो के नए प्रोमो से साफ हो गया था कि अनुज वील चेयर पर आ जाएगा। ऐसे में दर्शक अनुपमा को इससे लड़ते देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। इस बार इसे 3.2 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
गुम है किसी के प्यार में
'अनुपमा' की तरह ही स्टार प्लस के सीरियल 'गुम है किसी के प्यार में' को इस हफ्ते दर्शकों का खूब प्यार मिला है। शो ने इस लिस्ट में लंबी खलांग लगाते हुए दूसरे स्थान हासिल किया है। पिछले हफ्ते यह शो चौथे नंबर पर रहा था। इस समय शो में सात से आठ साल का लीप लाने की तैयारी की जा रही है। सई, पाखी और विराट की जुगलबंदी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। नील भट्ट और आएशा सिंह के अभिनय से दर्शकों को खूब मनोरंजन हो रहा है जिसके चलते इस शो की टीआरपी में उछाल देखने को मिला है। इस हफ्ते इस शो को 2.4 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
ये है चाहतें
अबरार काजी और सरगुन कौर लूथरा स्टारर शो 'ये है चाहतें' इस हफ्ते एक स्थान नीचे खिसक गया है। इसका मतलब शो में लोगों की दिलचस्पी कुछ हद तक कम हो गई है। यह शो जहां पिछले हफ्ते दूसरे स्थान पर था, वहीं इस बार यह लिस्ट में तीसरी पोजीशन पर आ गया है। इस बार 'ये है चाहतें' को 2.3 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
खतरों के खिलाड़ी सीजन 12
रोहित शेट्टी का स्टंट बेस्ट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' का 12वां सीजन लगातार चार हफ्तों से इस लिस्ट में बना हुआ है। लेकिन लगातार शो की रेटिंग में गिरावट दर्ज की गई है। इस बार यह टीआरपी लिस्ट में चौथे नंबर पर खिसक गया है। ऐसे में इस बार इस शो को 2.0 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।