टीवी जगत की चर्चित अभिनेत्री अनीता हसनंदानी ने 9 फरवरी को बेटे को जन्म दिया था। रोहित और अनीता के बच्चे की पहली झलक देखने के लिए फैंस बेकरार थे। हाल ही में अनीता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर अपने बच्चे की पहली झलक दिखा दी है। बच्चे का चेहरा देखने के साथ साथ फैंस को अनीता और रोहित का वीडियो भी काफी पसंद आया है।
अनीता हसनंदानी ने मजेदार वीडियो साझा कर दिखाई बेटे की पहली झलक, फैंस ने जमकर लुटाया प्यार
अनीता हसनंदानी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती है। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही वायरल हो जाती हैं। अनीता ने मां बनने के बाद से अपने बेटे के साथ तस्वीर साझा की थी लेकिन उसमें बच्चे के चेहरा नहीं दिख रहा था। अब अनीता ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें उनके बेटे आरव का चेहरा दिखाई दे रहा है।
इस वीडियो में दिख रहा है कि अनीता के बेबी बंप पर एक बम बना हुआ है जिसे रोहित आग लगाते हैं। वहीं अगले पल बम फटते ही आरव सामने आ जाते हैं। फैंस को अनीता और रोहित का ये मजेदार वीडियो काफी पसंद आया है। अनीता ने वीडियो साझा करते हुए लिखा-, 'और हमारा बच्चा आरव आ गया'। उनके वीडियो पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
बता दें कि कुछ समय पहले कॉमेडियन भारती सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर गिफ्ट हैंपर का एक वीडियो शेयर किया था जिसे उन्होंने अनीता और रोहित को भेजा था। इस हैंपर पर एक कार्ड भी था जिस पर अनीता, रोहित और आरव लिखा हुआ है। ये नाम देखकर फैंस ने पहले ही अंदाजा लगा लिया था कि बेटे का नाम आरव रखा गया है।
बता दें कि अनीता और रोहित ने बेटे आरव रेड्डी का नया इंस्टाग्राम अकाउंट भी खोल दिया है। इतना ही नहीं 20 हजार लोगों ने इस अकाउंट को फॉलो करना भी शुरू कर दिया है। रोहित और अनीता शादी के बाद पहली बार माता पिता बने हैं और वो अपने बच्चे के लिए काफी उत्साहित हैं। अब तक अनीता ने सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें साझा की हैं जिन्हें फैंस ने काफी पसंद किया है।