ओटीटी (ओवर द टॉप) प्लेटफॉर्म पर पहली बार एक ऐसा वेब शो शुरु होने जा रहा है जिसका कैनवास अब तक के सभी इंडियन वेब शो से अलग और बड़ा होगा। 'मेड इन हेवेन' शो से जोया अख्तर, रीमा कागती, नित्या मेहरा और अलंकृता श्रीवास्तव जैसी बड़ी और टैलेंटेड फिल्म मेकर शादी के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित करेंगी।
रीमा कागती और जोया अख्तर ने अपनी पहली वेब सीरीज मेड इन हेवन का निर्माण करने के लिए हाथ मिलाया है इसको लेकर रीमा का कहना है कि उनके जहन मे ये कहानी तभी आई जब वो दिल्ली में एक शादी अटेंड करने पहुंची थीं। शादियों में तमाम तरह की बातें होती हैं। वेडिंग प्लानर से लेकर फोटोग्राफर, दूल्हा-दुल्हन के घरवाले, दोस्त और रिश्तेदार सबकी अपनी-अपनी कहानियां चल रही होती हैं। इस वेब शो में इसी सच्चाई को मनोरंजक ढंग से प्रदर्शित करने की कोशिश की गई है।
वहीं जोया का कहना है कि ऐसी कहानी शायद ही पहले कभी किसी ने देखी होगी। जब दर्शक इस वेब शो को देखेंगे तो कहीं न कहीं खुद को महसूस जरूर करेंगे। पर्सनल एक्सपीरियंस को भी यहां देखा जा सकेगा। इसमें शादी के दिलचस्प पहलुओं को देखा और समझा जा सकेगा।
इस वेब शो की सबसे बड़ी खासियत ये रहेगी कि इसके हर एपिसोड में एक नई शादी की कहानी होगी। लड़का और लड़की की व्यक्तिगत समस्याओं के अलावा विवाहोत्तर संबंधों से बिगड़ते रिश्तों को दिखाने की कोशिश जोया और रीमा ने की है। वेब शो की एक कहानी ऐसी भी है जिसमें लड़की का होने वाला पति गे होता है। वहीं फिल्म 'गली बॉय' में रणवीर के पिता का किरदार निभाने वाले एक्टर विजय राज एक बार फिर से जोया अख्तर का साथ निभाने नजर आएंगे।
खास बात तो यह है कि जोया के इस नए प्रोजेक्ट से विजय राज डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं। वेब शो की रनर और डायरेक्टर नित्या मेहरा का कहना है कि दिल्ली में कई जगहों पर 'मेड इन हेवन' की शूटिंग की गई है। मेड इन हेवेन सीरीज परफेक्ट वेडिंग का सही वर्णन पेश करती है। वेब शो में एक्टर अर्जुन माथुर मीरा नायर की शॉर्ट फिल्म के बाद एक बार फिर गे कैरेक्टर करते दिखेंगे। इस वेब सीरीज में अर्जुन माथुर, जिम सरभ, शशांक अरोड़ा, कल्कि कोचलिन, शिवानी रघुवंशी के साथ-साथ श्वेता त्रिपाठी, पुलकित सम्राट, अमृता पुरी, और मनजोत सिंह जैसे अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।