अपने समय की बेहतरीन फिल्मों में से एक 'वो कौन थी' फिर से बड़े परदे पर आने जा रही है। फिल्म को बनाने के अधिकार क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट ने खरीद लिए हैं। अब चर्चा यह है कि हीरोइन के लिए दीपिका पादुकोण या ऐश्वर्या बच्चन को अप्रोच किया जा सकता है।
1965 में आई यह फिल्म साइकलॉजिकल थ्रिलर है जिसके निर्देशक राज खोसला और प्रोड्यूसर एनएन सिप्पी थे। फिल्म 'वो कौन थी' में मनोज कुमार और साधना ने अपने अभिनय का जादू बिखेरा था। साधना ने इसमें डबल रोल निभाया था। बता दें कि इस फिल्म के गाने काफी लोकप्रिय हुए थे।
मदन मोहन के संगीत से सजे इस फिल्म का गाना ‘लग जा गले’ आज भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। इसके अलावा ‘नैना बरसे रिमझिम’ भी बहुत पंसद किया गया था। इन दोनों गानों को लता मंगेशकर ने गाया था। फिल्म के रीमेक में इन दोनों ही गानों को रखा जाएगा।
फिल्म के बारे में प्रोड्यूसर और प्रोडक्शन हाउस की फाउंडर प्रेरणा अरोड़ा ने कहा, 'जैसे ही इस फिल्म के रीमेक के अधिकार प्राप्त हुए इन दो गानों पर भी चर्चा हुई। दोनों गानों के बगैर फिल्म के बारे में सोचना भी नामुमकिन है।' प्रेरणा अरोड़ा इस फिल्म को महान एक्टर मनोज कुमार को समर्पित करेंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐश्वर्या राय बच्चन क्रिअर्ज के साथ 4 फिल्में पहले ही कर रही हैं। जिसमें 'फन्ने खां', 'जैसमीन', रात और दिन की रीमेक और सिद्धार्थ कपूर आनंद की एक थ्रिलर शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो क्रिअर्ज के साथ उनकी 5 फिल्मों की डील है और यह उनकी पांचवी फिल्म हो सकती है।