बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर, करीना कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तल्सानिया की फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म का ट्रेलर काफी बोल्ड और गालियों से भरा हुआ है। हाल ही में कठुआ रेप मामले में विरोध के लिए आगे आई बॉलीवुड की तीन अभिनेत्रियां करीना कपूर खान, स्वरा भास्कर और सोनम कपूर अपनी आने वाली फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर पहुंची थीं।
हालांकि देश और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर स्वतंत्र विचार रखने वाली करीना कपूर खान, स्वरा भास्कर और सोनम कपूर से जब फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच के मुद्दे पर सवाल किया गया तो ये एक्ट्रेसेज जवाब देने से बचती नजर आईं।
पत्रकारों ने जब महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के लिए मुखर जानी जाने वाली स्वरा भास्कर से कास्टिंग काउच पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'पहली बात, इस मुद्दे का हमारी फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' से कोई लेना देना नहीं है। मुझे लगता है कि अभी हमारा फोकस हमारी फिल्म पर होना चाहिए। अन्य बातों के लिए आप मेरा ट्विटर अकाउंट देख सकते हैं।'
करीना कपूर खान ने स्वरा का साथ देते हुए कहा, 'मुझे नहीं लगता कि हमें अपना ध्यान फिल्म से हटाना चाहिए। यह एक विशेष फिल्म है जिसमें हमने बहुत मेहनत की है। मुझे लगता है कि फिल्म पर पर्याप्त ध्यान दिया जाना चाहिए।' आपको बता दें कि पिछले काफी समय से कास्टिंग काउच का मुद्दा गरम है। एक के बाद एक एक्ट्रेसेज इस मामले में अपनी चौंकाने वाली आपबीती शेयर कर रही हैं।
बात की जाए फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' की तो अनिल कपूर और एकता कपूर की कंपनी मिलकर इसे प्रोड्यूस कर रही है। फिल्म 1 जून 2018 को रिलीज होगी। तैमूर के जन्म के बाद करीना कपूर की यह कमबैक फिल्म है। फिल्म में लव, सेक्स, रिलेशनशिप, शादी और दोस्ती को उजागर करने की कोशिश की गई है।