पूरे विश्व में कोरोना वायरस का कहर देखने को मिल रहा है। दुनियाभर में अभी तक 823,200 मामले सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या अभी तक 1,637 हो गई है। वहीं देश में अभी तक कोरोना वायरस से 38 मौतें हो चुकी हैं। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते एक तरफ जहां सरकार सख्त निर्देश दे रही है तो वहीं बॉलीवुड के सितारे भी अपनी अपनी बात सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस तक पहुंचा रहे हैं। इस बीच शक्ति कपूर का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
VIDEO: कोरोना वायरस से जुड़ा किस्सा सुनाते हुए भावुक हो गए शक्ति कपूर, कहा- 'घर में रहें और जिंदगी की कीमत समझें'
दरअसल पूरे विश्व में कोरोना वायरस की सबसे अधिक मार इटली और स्पेन जैसे देशों में देखने को मिल रहा है। ऐसे में शक्ति कपूर अपने वीडियो में इटली के एक सर्वाइवर की कहानी बताते हुए लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वहीं वीडियो में शक्ति कपूर बात करते- करते भावुक हो जाते हैं।
वीडियो में शक्ति कपूर 93 साल के कोरोना सर्वाइवर की बात करते हुए कहते हैं, 'इटली के अंदर एक 93 साल का बुजुर्ग जब ठीक होकर अस्पताल से निकल रहा था। तभी डॉक्टर ने कहा आपको एक दिन का वेंटिलेटर का बिल देना है पांच हजार रुपये। इसके बाद उस बुजुर्ग की आंखों में पानी आ गया।'
A post shared by Shakti Kapoor (@shaktikapoor) on
वीडियो में शक्ति कपूर आगे बताते हैं, 'जब डॉक्टर ने कहा, क्या हो गया आपके पास पैसा नहीं है। फिर बुजुर्ग ने कहा- पैसा मेरे पास बहुत है लेकिन आज एक बात का एहसास हो गया कि मुझे भगवान का कितना बड़ा बिल देना है। जिसने सारी जिंदगी मुझे फ्री में सांस लेने का मौका दिया। आज देखो वेंटिलेटर के लिए मुझे सांस लेने के लिए भी पेमेंट देनी पड़ रही है।'
वीडियो के आखिर में शक्ति कपूर कहते हैं, 'ये बात मेरे दिल में बैठ गई है। हमने कभी सोचा नहीं। सिर्फ अस्पताल के चक्कर लगाते हैं, फिर सोचते हैं। इसलिए अपना ध्यान रखें, घर में रहें और जिंदगी की कीमत समझें।' बता दें कि शक्ति के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। गौरतलब है कि शक्ति कपूर कई फिल्मों में विलेन के साथ साथ कॉमेडियन के रूप में भी काम कर चुके हैं।