फिल्म 'भूमि' के आज देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होते ही अभिनेता संजय दत्त एक बार फिर 'खलनायक' बन गए हैं। खास मकसद से वो बीकानेर पहुंच गए हैं।
तिग्मांशु धूलिया फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं
जी हां, संजय दत्त ने अपनी आने वाली फिल्म 'साहब बीवी और गैंगस्टर 3' की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म की शूटिंग राजस्थान के बीकानेर में की जा रही है। गैंगवार टाइप मूवी बनाने वाले डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं।
एक बार फिर बनेंगे 'खलनायक'
लंबे अरसे के बाद खलनायक एक बार फिर इस फिल्म में 'खलनायक' की भूमिका में नजर आएगा। बता दें कि संजय दत्त ने सुभाष घई की फिल्म 'खलनायक' में नेगेटिव रोल में जबरदस्त अभिनय किया था। इसके साथ ही वे 'वास्तव' में भी नेगेटिव रोल में नजर आए थे। मुन्नाभाई के फैन्स उन्हें एक बार फिर से नेगेटिव रोल में देखेंगे।
ये है फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में संजय दत्त के अलावा चित्रांग्दा सिंह, माही गिल, कबीर बेदी, नफीसा अली, जिम्मी शेरगिल अपने-अपने किरदार में नजर आएंगे।
'भूमि' से है संजय दत्त को बहुत आस
संजय दत्त को अपनी एक्शन और थ्रिलर फिल्म भूमि से बहुत आस है। वे उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाए। भूमि फिल्म की कहानी में संजय दत्त अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने वाले बदमाशों से बदला लेते नजर आएंगे।