बॉलीवुड के बाबा यानी संजय दत्त इन दिनों अपनी फिल्म 'साहेब बीवी और गैंगस्टर-3' को लेकर चर्चा में हैं। तिग्मांशु धूलिया द्वारा निर्देशत इस फिल्म में संजय दत्त के अलावा चित्रांगदा सिंह, जिम्मी शेरगिल और माही गिल मुख्य भूमिका में है। आज यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रिलीज से पहले इसकी स्टारकास्ट फिल्म के प्रमोशन में जुटी हुई थी। प्रमोशन के दौरान संजय दत्त ने बॉलीवुड की मशहूर अदाकार माधुरी दीक्षित के बारे में ढेर सारी बातें की है।
जी हां 'साहेब बीवी और गैंगस्टर-3' की रिलीज के एक दिन पहले संजय दत्त ने माधुरी दीक्षित के बारे में ढेर सारी बातों को लेकर खुलासा किया है। पता हो कि संजय दत्त और माधुरी दीक्षित लंबे समय तक हिंदी सिनेमा की सबसे शानदार जोड़ी में से एक रहे हैं। इन दिनों ने 'खलनायक' से लेकर 'महात्मा' तक कई सारी फिल्में की। 90 के दशक में इन दोनों के अफेयर के चर्चा भी जोरों पर थी।
माधुरी दीक्षित के साथ काम करने के इतने साल बाद अब संजय दत्त ने कहा है कि माधुरी दीक्षित बॉलीवुड की शानदार, खूबसूरत और जमीन से जुड़ी हुई एक्ट्रेस हैं। इंडिया टूडे को दिए इंटरव्यू में माधुरी दीक्षित की तारीफ करते हुए संजय दत्त ने अपनी यादों को भी ताजा किया। उन्होंने साल 1990 में आई फिल्म 'थानेदार' के सुपरहिट गाने 'तम्मा-तम्मा' से जुड़े एक किस्से को याद किया और दर्शकों को बताया।
संजय दत्त ने 'तम्मा-तम्मा' गाने से जुड़े किस्से को याद करते हुए बताया- 'पहले मैंने डांस करने के लिए मना कर दिया था। लेकिन जब मुझे पता चला कि इस गाने में माधुरी दीक्षित होंगी तो 'तम्मा-तम्मा' गाने के लिए मैंने डांस सीखा। इस गाने को सीखने के लिए मुझे 2 महीने लगे।' 'तम्मा-तम्मा' गाने को दर्शकों ने काफी पसंद किया और इस गाने में संजय दत्त और माधुरी की जोड़ी हिट हो गई।
आपको बता दें कि संजय दत्त और माधुरी दीक्षित 21 साल बात फिर से फिल्म ‘कलंक’ से परदे पर फिर से नजर आने वाले हैं। आलिया भट्ट , वरुण धवन, आदित्य रॉय कपूर और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म में संजय दत्त और माधुरी नजर आएंगे। यह दोनों माता-पिता के किरदार में नजर आएंगे। फिलहाल यह फिल्म कब रिलीज होगी इस बात का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।