हाल ही में सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'राधे योर मोस्ट वॉन्टेड भाई' ओटीटी प्लेटफॉर्म जी प्लेक्स पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी क्रेज देखा गया था। जिसका असर यह हुआ कि रिलीज के तुरंत बाद ही जी प्लेक्स का सर्वर क्रैश हो गया था। वहीं ओटीटी ने अपना सालाना सब्सक्रिप्शन और फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ की टिकट का खर्चा जोड़कर एक कॉम्बो ऑफर लॉन्च किया था। इसका मतलब कि जो दर्शक भी जी सिनेप्लेक्स पर ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ देखने के लिए भुगतान करेंगे, वे इसके साथ साल भर तक जी5 पर उपलब्ध सामग्री भी देख सकेंगे। वहीं जी5 के मुख्य कारोबार अधिकारी मनीष कालरा ने बताया था कि इस बार की ईद को सलमान खान ने जिस जोश खरोश के साथ मनाने की तैयारी की है, उसमें उनका कोई प्रशंसक इस फिल्म को देखने से छूट न जाए इसके लिए जी5 ने अभी से पूरी तैयारी कर ली है। लेकिन कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं जो पाइरेटेड साइट्स के जरिये फिल्म देखने की कोशिश में लगे हैं। अब सलमान खान ने उन्हें नसीहत दी है।
Radhe: सलमान खान की नसीहत, 'पाइरेटेड साइट्स पर ना देखें फिल्म वरना होगी कार्रवाई'
सलमान खान ने एक ट्वीट के जरिये लोगों से फिल्म को पाइरेटेड साइट्स पर नहीं देखने की अपील की है। यदि अब भी कोई ऐसा करेगा तो साइबर सेल उन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगा और कार्रवाई भी की जाएगी।
सलमान ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हमने आपको 249 रुपये प्रति व्यू के उचित मूल्य पर हमारी फिल्म “राधे” को देखने के लिए उपलब्ध कराया है। इसके बावजूद पाइरेटेड साइट्स “राधे” की अवैध रूप से स्ट्रीमिंग कर रही हैं जो कि एक गंभीर अपराध है। साइबर सेल इन सभी अवैध साइट्स के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। कृपया पाइरेसी का हिस्सा ना बनें। कृपया इस बात को समझें कि आप साइबर सेल के साथ बहुत परेशानी में पड़ जाएंगे।'
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) May 15, 2021
इससे पहले भी सलमान खान ने एक वीडियो के जरिये लोगों से पाइरेटेड साइट्स से फिल्म नहीं देखने की अपील की थी। वीडियो में सलमान कहते हैं कि 'एक फिल्म बनाने में बहुत लोग बहुत मेहनत करते हैं। बहुत दुख होता है जब लोग पाइरेसी करके एक फिल्म देखते हैं। मैं आप सबसे एक कमिटमेंट मांगता हूं कि फिल्म एंजॉय करें और सही प्लेटफॉर्म पर करें। नो पाइरेसी इन एंटरटेनमेंट।'
गौरतलब है कि फिल्म देखने के बाद एक तरफ भाईजान के फैंस ‘राधे’ को ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं तो वहीं कई लोग फिल्म देखने के बाद निराश हैं क्योंकि प्रभु देवा निर्देशित फिल्म उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। इसके अलावा फिल्म को लेकर कई मीम्स वायरल हो रहे हैं। जिनमें सलमान की एंट्री से लेकर दर्शकों के हाल पर मीम्स बनाए गए हैं।