जहां एक तरफ सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत' को लेकर चर्चा में हैं वहीं दूसरी तरफ उन्हें और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिल रही है। सलमान खान के पिता सलीम खान को एक धमकी भरा फोन आने से हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सलमान खान के पीए ने पुलिस के पास जाकर शिकायत करते हुए केस दर्ज कराया है।
मामला सलमान खान के पिता से जुड़ा था तो मुंबई पुलिस ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बता दें आरोपी ने खुद को सलमान खान का बड़ा फैन बताते हुए सलमान खान के पीए से संपर्क किया और सलमान खान के नंबर की डिमांड की।
जब आरोपी को सलमान खान का नंबर नहीं मिला तो उसने सलमान के पीए के साथ गाली गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं आरोपी ने ये भी कहां कि वो छोटा शकील के लिए काम करता है और अगर उसकी बात सलमान खान से नहीं कराई गई तो वह सलीम खान को भी जान से मार देगा।
गिरफ्तारी के बाद सलमान के इस क्रेजी फैन को इलाहाबाद से आगे की जांच पड़ताल के लिए मुंबई लाया गया है। आरोपी पर आईपीसी की धारा 504 (जानबूझकर अपमान) धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बता दें सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'भारत' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। शनिवार को सलमान के सेट से घायल होने की खबर आई थी जिसके बाद वो शूटिंग छोड़ मुबंई लौट गए थे। बता दें भारत की शूटिंग पंजाब के लुधियाना में चल रही है। इस फिल्म में सलमान 18 साल से लेकर 65 साल तक के अवतार में नजर आने वाले हैं। सलमान खान और कटरीना कैफ के अलावा 'भारत' में सुनील ग्रोवर, नोरा फतेही और दिशा पाटनी अहम किरदार निभा रहे हैं।