4 साल बाद 'हिचकी' से बड़े परदे पर वापसी करने वालीं रानी मुखर्जी फिल्म के सक्सेस को इंज्वॉय कर रही हैं। साथ ही रानी ने इस धारणा को भी तोड़ा है कि शादीशुदा एक्ट्रेस की फिल्में फ्लॉप हो जाती हैं। गौरतलब है कि 'हिचकी' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई।
हाल में एक इंटरव्यू में रानी मुखर्जी ने कहा कि 'किसी एक्ट्रेस की उम्र या उसके मैरिटल स्टेट्स से फिल्म के हिट या फ्लॉप होने का कोई संबंध नहीं है। अगर आप दर्शकों को अच्छी फिल्म बनाकर देते हैं तो उन्हें आपके शादीशुदा होने से कोई फर्क नहीं पड़ता।'
रानी मुखर्जी ने आगे कहा- 'हिचकी की सफलता ने कई लोगों की सोच को बदल दिया। यह समझना जरूरी है कि ऑडियंस बदल रही है। वह अच्छी फिल्म और अच्छा कंटेंट देखना चाहती हैं। जब आप उन्हें अच्छी फिल्म देते हैं तो उन्हें आपके मैरिटल स्टेट्स से कोई फर्क नहीं पड़ता।'
रानी का कहना है कि 'मैं अपनी निजी जिंदगी में क्या कर रही हूं, इससे किसी को मतलब नहीं होना चाहिए। अगर मैं ऐसी फिल्में कर रही हूं, जो मुझे जंच रही है और जिससे ऑडियंस कनेक्ट हो पा रही है तो मेरी निजी जिंदगी से किसी को मतलब नहीं होना चाहिए।'
रानी का कहना है कि 'कई एक्ट्रेसेज ने यह साबित कर दिया है कि शादी के बाद भी दर्शक हीरोइनों को पसंद करते हैं। उनकी फिल्में भी फ्लॉप होती हैं, जिनकी शादी नहीं हुई है और जिनके बच्चे नहीं हैं। अगर शादीशुदा एक्ट्रेस कमबैक करती हैं और उसकी फिल्म नहीं चलती है तो उसके पर्सनल लाइफ को दोष नहीं देना चाहिए।'